
Noida में बंद गोदाम बना आग का गोला, 16 फायर टेंडरों ने संभाला मोर्चा…
नोएडा के होशियारपुर में बंद इलेक्ट्रॉनिक गोदाम में लगी भीषण आग, 16 दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू; शॉर्ट सर्किट की आशंका, कोई जनहानि नहीं
Noida: सेक्टर-51 स्थित होशियारपुर की गली नंबर-2 में मंगलवार को एक बंद पड़े इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। गोदाम में फ्रिज, कूलर समेत बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग की भयावहता देख बुलाए गए अतिरिक्त फायर टेंडर
शुरुआत में आग पर काबू पाने के लिए दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। हालांकि, आग की तीव्रता को देखते हुए बाद में अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक, आग बुझाने के लिए कुल करीब 16 फायर टेंडरों की मदद ली गई।
दमकलकर्मियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोदाम में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
यह भी पढ़ें…
2027 से पहले सपा का ‘नीला दांव’! लाल की जगह नीली ड्रेस, क्या है चुनावी संदेश?
संकरी गली बनी चुनौती
सीएफओ ने बताया कि गोदाम संकरी गली में स्थित था। इस वजह से दमकल की बड़ी गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकलकर्मियों ने मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद लगातार अभियान चलाकर आग को नियंत्रित किया।
आग बुझाने के बाद भी एहतियात के तौर पर एक दमकल गाड़ी मौके पर तैनात रखी गई, जो लगातार कूलिंग का काम कर रही है, ताकि दोबारा आग भड़कने की कोई संभावना न रहे।
यह भी पढ़ें…
बादाम शेक पीकर पैसे देने से किया इनकार, विरोध पर दुकानदार को पीटा…
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए जांच की जा रही है। घटना की जानकारी गोदाम मालिक को भी दे दी गई है।
बंद था गोदाम, टला बड़ा हादसा
राहत की बात यह रही कि जिस समय आग लगी, उस समय गोदाम बंद था। इसके चलते आग की इस बड़ी घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल दमकल विभाग की टीम मौके पर निगरानी कर रही है और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें…





