बादाम शेक पीकर पैसे देने से किया इनकार, विरोध पर दुकानदार को पीटा…

Lucknow News: लखनऊ के पारा इलाके में बादाम शेक के पैसे मांगना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। आरोप है कि शेक पीने आए युवकों ने पैसे मांगने पर दुकानदार से मारपीट की और उसकी दुकान पर पथराव कर दिया। हमलावरों पर दुकान से करीब 3 हजार रुपये लेकर फरार होने का भी आरोप है। पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना देने के बाद पारा थाने में तहरीर दी है।

बादाम शेक पीने के बाद पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद
मामला लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी गई शिकायत में दुकानदार मुकेश गुर्जर ने बताया कि वह मूल रूप से राजस्थान के भीलवाड़ा के कानपुरा का रहने वाला है। वह पिछले करीब 15 वर्षों से भूहर फाटक, पारा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा है।

मुकेश बुद्धेश्वर महादेव मंदिर के गेट पर ‘देव दरबार बादाम शेक’ नाम से दुकान लगाता है। पीड़ित के अनुसार, 7 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे भपटामऊ निवासी राम जी अपने दो-तीन साथियों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा।

आरोप है कि युवकों ने बादाम शेक पीने के बाद जब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी। मुकेश ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी।

यह भी पढ़ें…

2017 से पहले चौपट थी UP में कानून-व्यवस्था:CM

दुकान पर पथराव, मची भगदड़
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने दुकान पर पथराव भी किया। अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। मुकेश के मुताबिक, हमलावर उसकी दुकान से करीब 3 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद दुकानदार ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। इसके बाद पीड़ित को थाने में लिखित शिकायत देने के लिए कहा गया।

पारा थाने में दी तहरीर
मुकेश ने देर रात पारा थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में मारपीट, पथराव और दुकान से रुपये ले जाने के आरोप लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें…

जज ने कहा! मैं मर जाऊंगा लेकिन डरुंगा नही…

सीसीटीवी फुटेज से होगी जांच
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच की जाएगी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें…

दूल्हे शादाब ने जिगाना पिस्टल शहबाज से ली थी

Back to top button