विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर IPMS लखनऊ में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेज (IPMS) लखनऊ में एक भव्य जन जागरूकता कार्यक्रम और ओरिएंटेशन डे का आयोजन किया गया। इस विशेष समारोह में राजधानी लखनऊ के प्रमुख फिजियोथेरेपिस्ट, ऑर्थोपेडिक सर्जन, समाजसेवी और शहर की कई गणमान्य हस्तियों ने शिरकत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसके बाद संस्थान के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।

समाज के हर तबके तक पहुंचे लाभ

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए विकास श्रीवास्तव (बाबा) ने सभी फिजियोथेरेपी चिकित्सकों को विश्व फिजियोथेरेपी दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में फिजियोथेरेपी चिकित्सा की प्रासंगिकता बहुत बढ़ गई है और इसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। आम जनमानस को बिना दवाओं के शरीर को स्वस्थ रखने वाली इस चिकित्सा पद्धति के महत्व को गहराई से समझना होगा।

सरकारी प्रयासों पर विशेषज्ञों ने रखे विचार

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि और एसजीपीजीआई लखनऊ के फिजियोथेरेपी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. बृजेश त्रिपाठी ने फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में सरकार द्वारा बनाए गए नए प्रावधानों और काउंसिल गठन की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इसके साथ ही अन्य अतिथियों में सुबोध श्रीवास्तव ने इलाज में इस्तेमाल हो रही आधुनिक तकनीकों के बारे में बताया, जबकि सरित सिंह ने इस चिकित्सा क्षेत्र के प्रोत्साहन में सरकार की भूमिका की सराहना की। समाजसेविका ज्योति किरण रतन और डॉ. एस.पी. शुक्ला ने समाज के स्वास्थ्य सुधार में फिजियोथेरेपिस्टों के अनवरत योगदान की प्रशंसा की।

ये भी पढ़े-नवागत एसपी का प्रेस क्लब ने किया अभिनंदन, निष्पक्ष पुलिसिंग में सहयोग का दिया भरोसा

अतिथियों का सम्मान 

समारोह के दौरान संस्थान के प्रबंधक डॉ. अमरेश मोहन ने मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट जनों को शॉल, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने नवागत छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए फिजियोथेरेपी में आ रहे नए नवाचारों को अपनाने और समर्पित भाव से मानव सेवा करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में हेल्प मेट इंडिया ट्रस्ट की चेयरपर्सन डॉ. अनुभा, अतिथि श्री चंदन तिवारी ‘महाकाल’, विनय सिंह एडवोकेट सहित कई वरिष्ठ डॉक्टरों और सैकड़ों मेडिकल स्टूडेंट्स की गरिमामयी मौजूदगी रही।

ये भी पढ़े-विश्व हिंदू रक्षा परिषद में मनीष राय निर्विरोध अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित

Back to top button