
हार्दिक पांड्या की मैदान पर वापसी, वनडे सीरीज के लिए India-A टीम में एंट्री
Hardik Pandya India A Squad: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की पुरुष चयन समिति ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ आगामी घरेलू सीरीज के लिए इंडिया-ए टीम की घोषणा कर दी है। इस सीरीज का सबसे बड़ा आकर्षण स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी है।
चोट के कारण लंबे समय से क्रिकेट से दूर रहे हार्दिक पांड्या को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए इंडिया-ए की टीम में चुना गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि उनकी भागीदारी पूरी तरह से फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन होगी।
पुडुचेरी में खेले जाएंगे मैच
बीसीसीआई द्वारा जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार यह पूरी सीरीज पुडुचेरी में आयोजित की जाएगी। दौरे की शुरुआत दो मल्टी-डे (चार दिवसीय) मैचों के साथ होगी। पहला मल्टी-डे मैच 22 से 25 सितंबर तक और दूसरा मुकाबला 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच खेला जाएगा। इसके बाद 6, 9 और 11 अक्टूबर को 50 ओवरों के तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे।
ऋतुराज गायकवाड़ को टीम की कमान
चयन समिति ने दोनों प्रारूपों के लिए अलग-अलग टीमों का ऐलान किया है। मल्टी-डे (रेड बॉल) सीरीज के लिए कर्नाटक के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल को कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि साई सुदर्शन उपकप्तान की भूमिका में होंगे।
वहीं, 50-ओवर की वनडे सीरीज के लिए महाराष्ट्र के स्टार बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तान बनाया गया है और देवदत्त पडिक्कल उपकप्तान होंगे। वनडे टीम में रजत पाटीदार, प्रियांश आर्य, निशांत सिंधु, अर्शिन कुलकर्णी और नमन धीर जैसे युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जगह मिली है।
सीरीज के लिए दोनो टीमें
इंडिया-ए (मल्टी-डे स्क्वॉड): देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), साई सुदर्शन (उपकप्तान), अमन मोखाड़े, आयुष पांडे, यश राठौड़, शेख रशीद, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), एन जगदीशन (विकेटकीपर), शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, तुषार देशपांडे, अंशुल कंबोज, प्रफुल हिंगे, नचिकेता भूते, वी वैशाक।
इंडिया-ए (वनडे स्क्वॉड): ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, प्रियांश आर्य, रजत पाटीदार, कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), प्रभासिमरन सिंह (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, विपराज निगम, अर्शिन कुलकर्णी, अर्शद खान, नमन धीर, हार्दिक पांड्या, गुरजपनीत सिंह, यश ठाकुर।





