PM eVIDYA से यूपी में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा, योगी सरकार ने शुरू की बड़ी पहल…

PM eVIDYA के जरिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निःशुल्क शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर, Android और iOS दोनों पर ऐप की सुविधा

UP News: प्रदेश में डिजिटल शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था को लगातार विस्तार दे रही है। सरकार की कोशिश है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े डिजिटल संसाधन आसानी से और निःशुल्क उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से PM eVIDYA प्लेटफॉर्म के जरिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को एक ही मंच पर जरूरी शैक्षिक संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराई जा रही है।

सरकार का मानना है कि डिजिटल संसाधनों की आसान उपलब्धता से विद्यार्थियों के सीखने के अवसर बढ़ेंगे और शिक्षा व्यवस्था को अधिक समावेशी बनाया जा सकेगा। पीएम ई-विद्या ऐप के बारे में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को जानकारी देने के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

एक प्लेटफॉर्म पर डिजिटल पढ़ाई की सुविधा
पीएम ई-विद्या को इस तरह तैयार किया गया है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़े जरूरी डिजिटल संसाधनों के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत कम हो। एक ही मंच पर उपलब्ध सामग्री से डिजिटल पढ़ाई को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाया जा सकता है।

एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान ने बताया कि पीएम ई-विद्या के माध्यम से डिजिटल लर्निंग को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

फ्री में उपलब्ध डिजिटल संसाधन
पीएम ई-विद्या की खासियत यह है कि डिजिटल लर्निंग से संबंधित संसाधन निःशुल्क उपलब्ध हैं। विद्यार्थी अपनी सुविधा और जरूरत के मुताबिक इनका इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं शिक्षक भी डिजिटल सामग्री को अपने कक्षा शिक्षण का हिस्सा बनाकर विद्यार्थियों की पढ़ाई को ज्यादा प्रभावी बनाने में मदद कर सकते हैं।

डिजिटल संसाधनों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर भी सीखने और अपनी पढ़ाई को दोहराने का अवसर मिल सकता है।

Android और iPhone यूजर्स के लिए ऐप
PM eVIDYA App Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। Android यूजर्स Google Play Store और iOS यूजर्स Apple App Store के जरिए ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। इससे स्मार्टफोन का इस्तेमाल करने वाले विद्यार्थी और शिक्षक आसानी से डिजिटल शिक्षा के इस मंच से जुड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें…

पं. पंत की जयंती पर CM योगी का संदेश, बोले- उनका जीवन देश सेवा की प्रेरणा

स्कूलों में डिजिटल संसाधनों के इस्तेमाल पर जोर
योगी सरकार डिजिटल शिक्षा को केवल ऑनलाइन कंटेंट तक सीमित रखने के बजाय स्कूलों की शिक्षण प्रक्रिया से जोड़ने पर भी जोर दे रही है। एससीईआरटी और शिक्षा विभाग के माध्यम से डिजिटल संसाधनों को विद्यार्थियों और शिक्षकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सरकार की योजना है कि तकनीक का इस्तेमाल विद्यार्थियों के सीखने को आसान बनाने, शिक्षकों को अतिरिक्त शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने और शिक्षा की पहुंच को व्यापक बनाने के लिए किया जाए।

यह भी पढ़ें…

गोरखपुर के गर्ल्स हॉस्टल में सनसनी, बाथरूम में छिपा मिला मोबाइल कैमरा

डिजिटल शिक्षा को घर-घर पहुंचाने की तैयारी
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के मुताबिक, प्रदेश के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल संसाधनों के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम ई-विद्या जैसे प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर पढ़ाई से जुड़े जरूरी संसाधन उपलब्ध कराकर सीखने की प्रक्रिया को सहज और प्रभावी बनाने में मदद करते हैं।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने कहा कि डिजिटल संसाधनों की आसान और निःशुल्क उपलब्धता विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सीखने-सिखाने के नए अवसर पैदा करती है। विभाग का प्रयास है कि इन संसाधनों का विद्यालयी शिक्षण में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।

यह भी पढ़ें…

IIIT इलाहाबाद का 21वां दीक्षांत समारोह, मेधावियों का होगा सम्मान

Back to top button