पं. पंत की जयंती पर CM योगी का संदेश, बोले- उनका जीवन देश सेवा की प्रेरणा

CM योगी ने लोकभवन में पं. पंत की प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प, स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर देश के गृह मंत्री बनने तक उनके योगदान को किया याद

Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकभवन परिसर में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पंडित पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रसिद्ध वकील और उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत का देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश और समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए समर्पित किया।

काकोरी कांड के क्रांतिकारियों की पैरवी की
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता आंदोलन में पंडित गोविंद बल्लभ पंत की भूमिका को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। वर्ष 1925 में काकोरी ट्रेन एक्शन के बाद ब्रिटिश सरकार ने क्रांतिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाया था। इस मामले में क्रांतिकारियों की पैरवी करने वाले प्रमुख वकीलों में पंडित गोविंद बल्लभ पंत भी शामिल थे।

सीएम योगी ने कहा कि पंडित पंत ने वकील के रूप में भी देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

1937 में बने संयुक्त प्रांत के प्रीमियर
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 1937 में पंडित गोविंद बल्लभ पंत संयुक्त प्रांत के प्रीमियर चुने गए थे। आजादी के बाद वर्ष 1947 में उन्होंने उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली। उस समय वर्तमान उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा था।

मुख्यमंत्री के रूप में पंडित पंत ने प्रदेश के विकास और समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके प्रशासनिक फैसलों और जनहित से जुड़े प्रयासों को आज भी याद किया जाता है।

यह भी पढ़ें…

गोरखपुर के गर्ल्स हॉस्टल में सनसनी, बाथरूम में छिपा मिला मोबाइल कैमरा

देश के गृह मंत्री के रूप में निभाई अहम भूमिका
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की राजनीति के बाद पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने राष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली। 1954 में वह देश के गृह मंत्री बने। इस पद पर रहते हुए उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के भीतर विभाजनकारी प्रवृत्तियों का समाधान निकालने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में पंडित पंत का योगदान हमेशा स्मरण किया जाएगा।

यह भी पढ़ें…

IIIT इलाहाबाद का 21वां दीक्षांत समारोह, मेधावियों का होगा सम्मान

आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा जीवन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत का व्यक्तित्व और उनका राष्ट्रसेवा का कार्य आज भी प्रेरणादायी है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को देश और समाज की सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है और उनके आदर्शों को याद किया जाता है।

यह भी पढ़ें…

गोमती का जल स्तर बढ़ा, लखनऊ के कई गांव जलमग्न

Back to top button