
देवरिया में युवक की चाकू घोंपकर हत्या, थानेदार समेत तीन पुलिसवाले सस्पेंड
UP News: पुलिस से मदद की गुहार लगाने के दस दिन बाद 25 वर्षीय एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। भलुअनी नगर पंचायत के वार्ड नंबर-13 गांधीनगर में गुरुवार देर रात हुई हत्या के बाद आरोपितों के दुस्साहस और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
मनबढ़ों ने वारदात को दिया अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का स्थानीय दबंगों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धारदार चाकू से युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्वजन का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपित दो बाइक से उनके घर पहुंचे, गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जाते समय आरोपितों ने यह भी कहा, ‘हो गया रामनाम सत्य।’
बावजूद ढिलाई पर गिरी गाज
घटना के बाद सामने आया कि पीड़िता और उसके परिजनों ने पहले ही पुलिस से हमले की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस स्तर पर समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों की इस घोर लापरवाही और हीलाहवाली को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मृतक के भाई उपेंद्र सिंह की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़े-लखनऊ में 12 सितंबर से साहित्य का महाकुंभ, CM योगी करेंगे गोमती पुस्तक महोत्सव का उद्घाटन
आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़े-Gen Z को सीपीआर की ट्रेनिंग देगा IMA, हार्ट अटैक में जीवनरक्षक बनेंगे युवा





