
Gen Z को सीपीआर की ट्रेनिंग देगा IMA, हार्ट अटैक में जीवनरक्षक बनेंगे युवा
UP News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने दिल के दौरों से हो रही मौतों को रोकने के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। आईएमए की बैठक में फैसला लिया गया कि शहर के स्कूलों और कॉलेजों में ‘जनरेशन-जेड’ यानी युवाओं को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटैशन (CPR) देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योजना में एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों को विशेष रूप से प्रशिक्षित करने पर जोर दिया गया है। आईएमए स्कूल-कॉलेज प्रबंधन से संपर्क बढ़ाकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन की दिशा में काम कर रहा है। उद्देश्य है कि युवा आपात स्थिति में घबराने के बजाय सही समय पर सही कदम उठा सकें और एंबुलेंस या चिकित्सा सहायता पहुंचने तक मरीज की जान बचाने में मददगार बनें।





