Asian Games से बाहर हुईं वुशु खिलाड़ी दिव्यांशी, फेडरेशन पर लगाया पक्षपात का आरोप

दिव्यांशी का कहना है कि उन्होंने रोशबीना को ट्रायल में हराया था, इसीलिए उनका चयन हुआ था। इसके बावजूद रोशबीना को भेजना धोखाधड़ी है।

Asian Games 2026: कोटा की 18 वर्षीय अंतरराष्ट्रीय वुशू खिलाड़ी दिव्यांशी चौधरी का एशियन गेम्स 2026 के लिए चयन होने के बावजूद अंतिम समय पर भारतीय दल से नाम हटा दिया गया है। किट और एयर टिकट मिलने के बाद अचानक हुए इस फैसले से आहत एथलीट ने एक भावुक वीडियो जारी कर मानसिक उत्पीड़न और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।

दिव्यांशी ने जून में आयोजित 60 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल ट्रायल में एशियन गेम्स पदक विजेता रोशिबीना देवी को हराकर टीम में जगह बनाई थी।

दिव्यांशी ने आत्महत्या की बात कही

वूशू टीम से बाहर किए जाने के बाद दिव्यांशी ने लगभग 9 मिनट का एक वीडियो बनाया और इसमें उन्होंने अपनी पूरी कहानी रोते-रोते बताई और चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आत्महत्या करने की भी बात कही। उन्होंने इस वीडियो में दावा किया कि जून में हुए फाइनल सेलेक्शन ट्रायल में उन्होंने 60 किलोग्राम भारवर्ग में रोशिबीना देवी को दो बार हराया था और अब रोशिबीना को उनकी जगह टीम में शामिल कर लिया गया।

जानबूझ कर टीम से हटाया नाम

दिव्यांशी ने कहा कि वो पूरी तरह से फिट हैं, लेकिन इसके बावजूद फिटनेस का हवाला देते हुए टीम से उनका नाम हटा दिया गया जबकि उन्हें भारतीय टीम की जर्सी और किट भी मिल चुकी थी और सेरेमनी भी हो चुकी थी। वहीं दिव्यांशी का कहना है कि उन्हें श्रीनगर कैंप के दौरान कंधे में चोट लगी थी। फिर उन्होंने डॉक्टर को दिखाया था और उन्हें टेपिंग के साथ खेलने की सलाह दी गई थी। दिव्यांशी ने दावा किया कि उनकी एमआरआई रिपोर्ट कोच और फेडरेशन के पास थी और डॉक्टर ने उन्हें खेलने के लिए सक्षम बताया था।

ये भी पढ़े-लंदन में विराट कोहली से मिले एकनाथ शिंदे, विकास और खेल पर हुई चर्चा

दिव्यांशी और उनके पिता ने ये भी आरोप लगाया कि श्रीनगर कैंप के दौरान रोशिबीना देवी ने जानबूझकर दिव्यांशी के कंधे में चोट पहुंचाई। वुशु एसोसिएशन के अध्यक्ष ने इस आरोप से इनकार किया और कहा कि उन्होंने कहा कि वुशु मार्शल आर्ट का खेल है और मुकाबले के दौरान चोट लगना संभव है।

आपको बता दें कि दिव्यांशी 60 किलोग्राम भारवर्ग में खेलती हैं और उन्होंने साल 2024 जूनियर वर्ल्ड वुशु चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल और फिर जून 2026 में चीन में हुए टूर्नामेंट में सिल्वर मेडल जीता था।

ये भी पढ़े-विनेश फोगाट को दिल्ली HC से झटका, वर्ल्ड चैम्प‍ियनश‍िप ट्रायल में नहीं उतर पाएंगी…

Back to top button