Gen-Z आंदोलन में हुई आतंकियों की जय-जयकार’, रायबरेली में बोले राजा भैया

Raja Bhaiya On Gen Z: उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित ऊंचाहार में आयोजित शिव महापुराण कथा के मंच से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ‘राजा भैया’ ने एक बड़ा और विवादित बयान दिया है। कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पहुंचे राजा भैया ने दिल्ली में हाल ही में हुए छात्र आंदोलन और ‘Gen-Z’ शब्द पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि पर्चा लीक के मुद्दे पर शुरू हुए इस आंदोलन के दौरान जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया गया और भारत विरोधी नारे लगाए गए, उसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

‘भारत मुर्दाबाद’ के नारे स्वीकार नहीं

राजा भैया ने कहा कि उन्हें प्रदर्शन के मुद्दे पर कोई आपत्ति नहीं है। पर्चा लीक के खिलाफ आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन प्रदर्शनकारियों की भाषा और व्यवहार पर सवाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान भारत माता के विरोध में नारे लगाए गए और ‘भारत मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए गए। साथ ही आतंकियों की जय-जयकार किए जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राजा भैया ने प्रदर्शन के संदर्भ में ‘जेन-जी’ शब्द का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जेन-जी न तो हमारी सभ्यता से मेल खाता है और न ही हमारी संस्कृति और आदर्शों से। उन्होंने आंदोलन के दौरान अभद्र भाषा और व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया।

विदेशी फंडिंग का आरोप

राजा भैया ने प्रदर्शनकारियों की फंडिंग को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कल्पना कीजिए, प्रदर्शन दिल्ली में हो रहा है और प्रदर्शनकारियों के लिए पिज्जा और बर्गर का ऑर्डर लंदन से जोमैटो पर दिया जा रहा है। उनके मुताबिक, इसके पीछे मकसद लोगों से भारत को गाली देने और भारतीयता का अपमान करने के लिए कहना हो सकता है।

ये भी पढ़े-बेंच केमिस्टों ने नौकरी से हटाए जाने का किया विरोध

‘शास्त्र के साथ शस्त्र भी’

राजा भैया ने सामाजिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब शास्त्र के साथ शस्त्र भी धारण करना होगा। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति और मूल्यों के प्रति सजग रहने की बात कही। उनके इस बयान के बाद जंतर-मंतर के प्रदर्शन को लेकर उनकी टिप्पणी चर्चा में आ गई है।

ये भी पढ़े-Noida News: मन्नत पूरी नहीं हुई तो पंडित जी का ही कर लिया अपहरण, दो गिरफ्तार

Back to top button