
महिला जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी में यूपी की बालिकाओं का शानदार प्रदर्शन
Hockey Championship: झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित 16वीं महिला सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही माउंट कार्मेल कॉलेज (महानगर, लखनऊ) की अंडर-14 बालिका हॉकी टीम ने अपनी प्रतिभा और खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में यूपी की बालिकाओं ने न केवल खेल प्रेमियों का दिल जीता, बल्कि अपने शानदार टीमवर्क और अनुशासन से राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का मान बढ़ाया।
इन खिलाड़ियों ने भी दिखाया दम
प्रतियोगिता के दौरान उत्तर प्रदेश की टीम ने कुल पांच मुकाबले खेले, जिसमें टीम के प्रदर्शन में गोलकीपर अविका मिश्रा की भूमिका बेहद सराहनीय रही। अविका ने मैच के कई नाजुक और महत्वपूर्ण मौकों पर शानदार बचाव (Saves) करते हुए टीम के डिफेंस को मजबूती प्रदान की।
अविका मिश्रा के अलावा नायरा सहनी, आद्रिका त्रिवेदी और धान्या त्रिवेदी ने भी पूरे टूर्नामेंट में असाधारण खेल का प्रदर्शन किया। सभी खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में जज्बे और समन्वय का परिचय देते हुए राष्ट्रीय स्तर का बहुमूल्य अनुभव हासिल किया।
प्रशिक्षण की हुई सराहना
टीम के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन और मैदान पर आत्मविश्वास के पीछे मुख्य कोच चांद खान का कुशल प्रशिक्षण और मार्गदर्शन रहा। उनके नेतृत्व में युवा खिलाड़ियों ने दृढ़ता के साथ राष्ट्रीय मंच पर अपनी छाप छोड़ी। टूर्नामेंट के बाद टीम की शानदार तैयारी और खिलाड़ियों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कोच चांद खान के प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की गई।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल रही यूपी की टीम
16वीं महिला सब-जूनियर राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलने वाली टीम में अविका मिश्रा, मरियम खान, मीनाक्षी तिवारी, सिदरा सिद्दीकी, शिवि तम्टा, संस्कृति श्रीवास्तव, आद्रिका त्रिवेदी, नायरा सहनी, धान्या त्रिवेदी, नुवैरा उस्मानी, इमामा इमरान खान, ज़ैनब, इफ़राह खान, अलीशा ऐजाज़, आइरा सिद्दीकी, अन्वी मित्तल एवं विज्ञानशी प्रजापति शामिल रहीं।





