
Delhi में 16 वर्षीय लड़की की गैंगरेप के बाद हत्या, तीन नाबालिग सहित चार Arrest
Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पश्चिमी जिले के स्वरूप नगर इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद चाकू से गोदकर उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को कुशक रोड के पास एक खुले खेत में फेंक दिया।
शव काफी सड़-गल चुका था और आवारा कुत्तों ने भी उसे नुकसान पहुंचाया था। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।
शराब के नशे में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार पीड़ित लड़की और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। घटना वाले दिन आरोपी लड़की को एक टेंपो में लेकर गए थे, जहां उन्होंने शराब का सेवन किया। इसके बाद आरोपियों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी, तो आरोपियों ने चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को खेत में झाड़ियों व मिट्टी के नीचे छुपाकर फरार हो गए।
CCTV कैमरों ने खोला राज
13 सितंबर को स्थानीय लोगों ने खेत में सड़ा-गला शव देखकर पुलिस को सूचना दी थी। शव की हालत इतनी खराब थी कि शुरुआत में पहचान करना मुश्किल हो रहा था। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए दिल्ली पुलिस ने आसपास के इलाकों के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण के दौरान पुलिस को रात के अंधेरे में एक संदिग्ध टेंपो की आवाजाही दिखाई दी।
ये भी पढ़े-IGI एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई, 30.3 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद; 5 गिरफ्तार
मुख्य आरोपी समेत तीन नाबालिग पकड़े गए
सीसीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रातभर सर्च ऑपरेशन चलाकर टेंपो को स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी से ढूंढ निकाला। टेंपो चालक से पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंची। गिरफ्तार बालिग आरोपी की पहचान 19 वर्षीय शिवम उर्फ सुदामा के रूप में हुई है, जबकि उसके तीन अन्य साथी नाबालिग हैं जिनकी उम्र 16 और 17 वर्ष है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, खून से सने कपड़े और टेंपो को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े-दिल्ली में अब अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर:रेखा गुप्ता





