DUSU चुनाव में ABVP का लहराया परचम, NSUI के विजय शंकर को हराया

DUSU Election Results 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय पैनल के चार में से तीन पदों पर परचम लहराया है।

एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों पर जीत दर्ज की है। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने बड़ी जीत हासिल की।

अध्यक्ष पद पर यश डाबास का कब्जा

सबसे प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद के लिए हुए कड़े मुकाबले में ABVP के प्रत्याशी यश डाबास ने जीत हासिल की है। शुरुआती दौर से ही उनके और कांग्रेस समर्थित नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के उम्मीदवार विजय शंकर मीणा के बीच वोटों की कांटे की टक्कर चल रही थी। अंतिम दौर की मतगणना के बाद यश डाबास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पछाड़ते हुए अध्यक्ष पद की कुर्सी अपने नाम कर ली।

सचिव और संयुक्त सचिव सीटों का गणित

सचिव पद पर एबीवीपी की उम्मीदवार रिया छाबड़ी ने शुरू से ही बड़ी बढ़त बनाए रखी और NSUI की नम्रता चौधरी को हराकर जीत दर्ज की। संयुक्त सचिव पद के मुकाबले में भी एबीवीपी के लक्ष्य राज सिंह ने कड़े संघर्ष के बीच बाजी मारी। इस पद पर NSUI के गोपाल चौधरी और समाजवादी छात्र सभा के विशेष यादव भी रेस में थे, लेकिन अंत में लक्ष्य राज सिंह ने निर्णायक बढ़त बनाकर जीत हासिल की।

उपाध्यक्ष सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार

इस बार के डूसू चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर उपाध्यक्ष पद पर देखने को मिला। ABVP के बागी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरे दीपांशु शौकीन ने एकतरफा मुकाबले में जीत हासिल की। उन्होंने एबीवीपी के ईशू मौर्य और एनएसयूआई के उम्मीदवार को भारी मतों के अंतर से पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

मतगणना नॉर्थ कैंपस स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। दिल्ली हाईकोर्ट के कड़े आदेशों के तहत चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कैंपस और आसपास के इलाकों में किसी भी प्रकार के विजय जुलूस, बाइक रैली, ढोल-नगाड़ों और उपद्रव पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।

Back to top button