क्लास में पढ़ा रही थी 26 साल की टीचर, युवक ने बाहर खींचा और बरसा दीं गोलियां

लखीमपुर के चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल में क्लास के दौरान युवक ने 26 वर्षीय टीचर निशात फातिमा को बाहर खींचकर गोली मारी, वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली; पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी।

Lakhimpur: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में सोमवार को स्कूल के अंदर एक महिला टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात कलेक्ट्रेट के ठीक सामने स्थित चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल में हुई। बताया जा रहा है कि जिस समय घटना हुई, उस वक्त स्कूल में बच्चे पढ़ाई कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय टीचर निशात फातिमा सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल की दूसरी मंजिल पर बच्चों को पढ़ा रही थीं। इसी दौरान सऊद अंसारी नाम का युवक असलहा लेकर स्कूल पहुंचा और फातिमा को क्लास से बाहर बरामदे में ले आया।

क्लास से बाहर खींचकर ले गया आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला टीचर का हाथ पकड़ा और उन्हें क्लास से बाहर बरामदे में ले आया। इसके बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक असलहा निकाल लिया और फातिमा पर कई गोलियां चला दीं।

गोली लगने से टीचर फर्श पर गिर गईं। अचानक हुई फायरिंग से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर बच्चे डर गए और चीख-पुकार करने लगे। स्कूल का स्टाफ भी मौके की ओर दौड़ा।

यह भी पढ़ें…

CM योगी का मेरठ में बड़ा बयान, ‘बाबर के अनुयायियों को बजरंगी के भक्त देंगे जवाब’

वारदात के बाद आरोपी ने किया सुसाइड
महिला टीचर पर फायरिंग करने के बाद आरोपी सऊद अंसारी ने कथित तौर पर खुद को भी गोली मार ली। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूल की पूरी बिल्डिंग को खाली कराया। बच्चों को उनके परिजनों को बुलाकर घर भेज दिया गया। घटना के बाद स्कूल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ पहुंचने से पहले हादसे का शिकार हुए दरोगा, खड़े डंपर में जा घुसी कार

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर दिया है और किसी को भी स्कूल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। महिला टीचर और आरोपी के बीच क्या संबंध था और हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसे लेकर जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

यह भी पढ़ें…

हेल्थ केयर ट्रस्ट ने आयोजित किया हेल्थ केयर आइकॉनिक अवार्ड समारोह

Back to top button