
बिना किसी कट के पास हुई सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘The Vvaan’, जानें फिल्म का रनटाइम
The Vvaan: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फैंटेसी एडवेंचर फिल्म ‘द वन‘ (The Vvaan: Force Of The Forrest) को CBFC से हरी झंडी मिल गई है। सेंसर बोर्ड की एग्जामिनिंग कमेटी ने फिल्म के विजुअल या ऑडियो में बिना किसी सिंगल कट या बदलाव के इसे पास कर दिया है।
आमतौर पर सेंसर बोर्ड फिल्मों में कुछ दृश्यों या संवादों पर कैंची चलाता है, लेकिन ‘द वन’ के मामले में निर्माताओं को पूरी रचनात्मक छूट मिली है, जो मेकर्स के लिए एक बड़ी जीत मानी जा रही है।
इतना है फिल्म का रनटाइम
सेंसर बोर्ड ने फिल्म के विषय, रहस्य और कंटेंट के मिजाज को देखते हुए इसे ‘U/A 16+’ सर्टिफिकेट जारी किया है। आधिकारिक सेंसर सर्टिफिकेट के अनुसार, फिल्म का कुल रनटाइम 136.25 मिनट यानी 2 घंटे 16 मिनट और 25 सेकंड है। फिल्म का पहला हाफ 1 घंटे 4 मिनट का है, जबकि इंटरवल के बाद का दूसरा हाफ 1 घंटे 12 मिनट का रखा गया है। एक रोमांचक फैंटेसी थ्रिलर के लिहाज से यह रनटाइम काफी संतुलित माना जा रहा है।
TVF के बैनर तले बनी है फिल्म
फिल्म ‘द वन’ की सबसे बड़ी यूएसपी इसका शानदार क्रिएटर बैकग्राउंड है। सुपरहिट वेब सीरीज ‘पंचायत’ का निर्देशन करने वाले दीपक कुमार मिश्रा ने इस फिल्म का निर्देशन किया है, जबकि इसकी कहानी TVF के प्रमुख अरुणाभ कुमार ने लिखी है।
रहस्य, एडवेंचर, हास्य और भारतीय लोककथाओं के ताने-बाने से बुनी यह फिल्म दर्शकों को एक बिल्कुल नया सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है। इस जादुई दुनिया की पृष्ठभूमि को समझाने के लिए मेकर्स ने ‘द लेजेंड ऑफ वन’ नाम से एक कॉमिक बुक भी पेश की है।
ये भी पढ़े-इमरान हाशमी का चार्म और हिमेश की जादुई आवाज, Gunmaaster G9 का पहला गाना रिलीज
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ और 11.11 प्रोडक्शन के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने मिलकर किया है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फ्रेश जोड़ी के अलावा सुनील ग्रोवर, मनेश पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी जैसे दमदार कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
सेंसर की सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अब यह फिल्म 25 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
ये भी पढ़े-गुजरात में सजी सितारों की महफिल, राष्ट्रपति के हाथों से अवार्ड…





