
MLA के फार्महाउस में युवती से गैंगरेप, दरोगा-सिपाही और दो CRPF जवानों ने की हैवानियत
Amroha Gangrape Case: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र से कानून-व्यवस्था और खाकी वर्दी को दागदार करने वाला एक मामला सामने आया है। अमरोहा विधायक के झूलपुरी स्थित फार्म हाउस पर युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया है, जबकि सीआरपीएफ के दोनों जवानों के खिलाफ रिपोर्ट उनके मुख्यालय भेजी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में यूपी पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर (दरोगा), एक हेड कांस्टेबल तथा सीआरपीएफ (CRPF) का एक इंस्पेक्टर और एक हेड कांस्टेबल शामिल हैं।
विधायक के फार्महाउस ले गए आरोपी
पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर और पीड़िता के बयानों के अनुसार, हरियाणा की रहने वाली पीड़ित युवती की पूर्व पहचान सीआरपीएफ जवान मोहित से थी। आरोपी जवान धार्मिक स्थल घुमाने के बहाने पीड़िता को अपने साथ लेकर आया था। रास्ते में उनके साथ सीआरपीएफ का एक अन्य अधिकारी लालाराम यादव भी शामिल हो गया।
दोनों ने लड़की को झुलपुरी गांव के पास फार्म हाउस में ठहराया। यह फार्म हाउस उत्तराखंड में खानपुर सीट से निर्दलीय विधायक उमेश शर्मा का बताया जा रहा है। मंगलवार रात दरोगा संजय तोमर और हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद मालिक भी फार्म हाउस पहुंचे। चारों ने शराब पार्टी की और कमरे में घुसकर लड़की के साथ वारदात की। संजय तोमर और प्रमोद मलिक की तैनाती हसनपुर कोतवाली में है।
पीड़िता ने खुद बचाई अपनी जान
फार्महाउस में रुकने के दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों ने खाना और शराब का इंतजाम किया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता के साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जब चौथा आरोपी कमरे में घुसा तो पीड़िता ने साहस दिखाते हुए उसे धक्का दिया और कमरे को अंदर से बंद कर लिया।
इसके बाद पीड़िता ने मोबाइल पर इंटरनेट के जरिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर खोजा। आरोप है कि रात में ही लड़की ने पुलिस अधिकारियों को कॉल कर घटना की सूचना दी। लेकिन, पुलिस दिनभर मामला दबाए बैठी रही। दबाव बढ़ा तो कार्रवाई करनी पड़ी। शाम 4:20 बजे चारों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
ये भी पढ़े-यमुना एक्सप्रेस-वे पर निजी स्लीपर AC बस में लगी आग, नौ यात्री जिंदा जले
इसके बाद एसपी लाखन सिंह यादव मीडिया के सामने आए। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना की की जानकारी दी। हालांकि आरोपियों को मीडिया के सामने पेश नहीं किया। एसपी लाखन सिंह यादव ने बताया कि लड़की का मेडिकल कराया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। देर शाम मुरादाबाद के DIG मुनिराज जी. अमरोहा पहुंचे। उन्होंने एसपी से इस मामले को लेकर बात की।
ये भी पढ़े-IIT बॉम्बे छात्र की मौत पर नया मोड़, प्रो. डूला के समर्थन में आया IIT कानपुर फैकल्टी फोरम





