Bigg Boss 20: ‘भाईजान इस गटर शो को बंद कीजिए’, बिग बॉस पर भड़के कॉमेडियन

Sunil Pal On Bigg Boss 20: मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। इस बार उनके निशाने पर टीवी का सबसे चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ और इसके होस्ट बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान आ गए हैं।

पैपराजी और मीडिया से बातचीत के दौरान सुनील पाल ने बिग बॉस पर जमकर भड़ास निकाली और इसे दुनिया का सबसे कलंकित तथा गटर शो करार दिया।

‘छपरियों को स्टार बनाता है’

मीडिया से बात करते हुए सुनील पाल ने शो के फॉर्मेट और इसमें आने वाले प्रतियोगियों (कंटेस्टेंट्स) पर बेहद कड़ा प्रहार किया। कॉमेडियन ने कहा कि समाज में जिनकी वजह से नुकसान हो रहा है, ऐसे लोगों और छपरियों को बिग बॉस में बुलाकर स्टार बनाया जाता है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सलमान खान पिछले कई सालों से जिस शो को चला रहे हैं, उसका नाम बिग बॉस नहीं बल्कि बदबूदार ‘बिग बास’ होना चाहिए। सुनील पाल ने आगे कहा कि इस शो में एक से बढ़कर एक विवादित लड़के-लड़कियां आते हैं और वहां ‘हर-हर गंगे, सब के सब नंगे’ वाला माहौल रहता है।

सलमान खान के बयान पर पलटवार

हाल ही में बिग बॉस 20 के दौरान सलमान खान ने सेलिब्रिटीज की बॉडी शेमिंग और सोशल मीडिया ट्रोलिंग पर गुस्सा जाहिर किया था। सलमान के इस कदम पर पलटवार करते हुए सुनील पाल ने कहा कि बिग बॉस में आने वाला हर इंसान ट्रोल किए जाने का ही हकदार है, चाहे वह प्रतिभागी हो या खुद सलमान खान।

सुनील पाल ने सलमान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सलमान भाई मान जाइए, जनता ने अपनी मेहनत के पैसों से आपकी फिल्में देखकर आपको स्टार बनाया है। इसलिए दर्शकों को उपदेश देने के बजाय आपको समझना चाहिए कि यह शो भारतीय संस्कृति और समाज के लिए हानिकारक है।

ये भी पढ़े-Indias got latent 2 पर फिर बढ़ा विवाद, मुकेश छाबड़ा और Netflix के खिलाफ FIR

स्टार्स को दी सीख

सुनील पाल ने केवल टीवी शो ही नहीं बल्कि बॉलीवुड के बड़े सितारों की हालिया फिल्मों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने सलमान खान, शाहरूख खान और अक्षय कुमार जैसे दिग्गज अभिनेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि आप लोगों का टाइमपास अब बहुत हो चुका है।

उन्होंने कहा कि छोटे बजट वाली फिल्में बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों कमा रही हैं, जबकि 500 करोड़ की फिल्में फ्लॉप हो रही हैं। सुनील पाल ने कहा कि इतने बड़े स्टार्स होने के बावजूद अगर फिल्में नहीं चल रही हैं, तो अब समय आ गया है कि बड़े सितारे आत्ममंथन करें और जनता के मनोरंजन के सही मानकों को समझें।

ये भी पढ़े-गुजरात में सजी सितारों की महफिल, राष्ट्रपति के हाथों से अवार्ड…

Back to top button