
Asian Games: सीमा ने तोड़ दीं सारी सीमाएं, टूटे जूते से दौड़कर रचा इतिहास
Asian Games 2026: एशियाई खेल 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। लंबी दूरी की प्रतिभावान धाविका सीमा कुमारी ने महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ स्पर्धा में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल किया है।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही एशियाई खेलों की इस कठिन स्पर्धा में भारत का 16 साल लंबा मेडल का इंतजार भी समाप्त हो गया है।
आखिरी दिखाया शानदार जज्बा
जापान में आयोजित इस स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में सीमा कुमारी ने शुरू से ही अपनी बेहतरीन रणनीति और धैर्य का परिचय दिया। दौड़ की शुरुआत में ही वह अग्रणी धाविकाओं के समूह में बनी रहीं। शुरुआती 2,000 मीटर का फासला उन्होंने महज 6 मिनट 36.13 सेकंड में तय किया।
दौड़ के मध्य चरण में विरोधी धाविकाओं के कड़े दबाव के बीच वह चौथे स्थान पर खिसक गई थीं, लेकिन अंतिम 1,000 मीटर का चक्र शुरू होते ही उन्होंने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। सीमा ने 32 मिनट 50.05 सेकंड (32:50.05) का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया और पोडियम पर तिरंगा लहराया।
इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक बहरीन की विनफ्रेड यावी (32:39.18) ने जीता, जबकि जापान की नोजोमी तनाका (32:41.54) ने रजत पदक अपने नाम किया।
ये भी पढ़े-एशियन गेम्स में भारत का ‘गोल्डन’ निशाना, सुरुचि और कमलजीत ने शूटिंग में जीता सोना
कौन है सीमा?
10 जनवरी 2001 को हिमाचल प्रदेश में जन्मी सीमा कुमारी पिछले कुछ सालों से भारतीय लंबी दूरी की दौड़ (5,000m और 10,000m) की सबसे निरंतर प्रदर्शन करने वाली एथलीट रही हैं।
- 2024: हॉन्ग कॉन्ग में एशियाई क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल।
- 2025: FISU वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में सिल्वर मेडल।
- 2026: कैलिफोर्निया के ‘द टैन’ (TEN) में 10,000m में अपना सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत समय (32:02.43) दर्ज किया।
- 2026: 65वीं राष्ट्रीय अंतर-राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड।
ये भी पढ़े-एशियाई खेलों के 5वें दिन भारत का शानदार प्रदर्शन, जानें मेडल टैली और बड़े अपडेट्स
इस स्पर्धा में भारत का पहला पदक
महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ में एशियाई खेलों में भारत को आखिरी बार साल 2010 के गुआंगझू एशियाई खेलों में पदक मिला था, जब प्रीजा श्रीधरन ने स्वर्ण और कविता राउत ने रजत पदक जीता था। इसके बाद से भारत इस स्पर्धा में पोडियम तक नहीं पहुंच पाया था। 25 वर्षीय सीमा कुमारी अब इस स्पर्धा में एशियाई खेलों का पदक जीतने वाली भारत की तीसरी महिला एथलीट बन गई हैं।
ये भी पढ़े-Asian Games 2026: मीराबाई चानू ने रचा इतिहास, 28 साल बाद आया वेटलिफ्टिंग में मेडल





