पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी समेत कई हस्तियां सम्मानित, लखनऊ में हुआ सेवा शिखर सम्मान समारोह

खुशी फाउंडेशन और दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के सेवा शिखर सम्मान समारोह में चिकित्सा, शिक्षा, खेल, पत्रकारिता, समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

Lucknow: खुशी फाउंडेशन और दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (PSI India) के सहयोग से शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संस्थान के सभागार में सेवा शिखर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कला-संस्कृति, चिकित्सा, खेल, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, पत्रकारिता, शिक्षा, उद्यमिता और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओपी श्रीवास्तव रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक प्रो. (डॉ.) संजय द्विवेदी ने की।

समाज को सकारात्मक दिशा देने वाले आयोजनों की जरूरत
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. संजय द्विवेदी ने कहा कि आज ऐसे समाज दर्शन की आवश्यकता है, जिसमें राजनीति के बजाय ‘लोक’ केंद्र में हो। उन्होंने कहा कि समाज और राजनीति का दर्शन अलग-अलग है। राजनीति का काम जहां कई बार विभाजन की ओर जाता है, वहीं समाज स्वभाव से जुड़ना चाहता है।

उन्होंने कहा कि समाज को ही शक्ति केंद्र बनाने और सामाजिक संस्कृति को मजबूत करने की आवश्यकता है। ऐसे आयोजन उन प्रतिभाओं को सामने लाने का काम करते हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव और समाज में जागरूकता की रोशनी फैला रहे हैं।

ओपी श्रीवास्तव ने संस्था के प्रयासों को सराहा
मुख्य अतिथि विधायक ओपी श्रीवास्तव ने आयोजन के लिए खुशी फाउंडेशन और दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों की महान विभूतियों का चयन कठिन कार्य है, जिसे संस्था ने बेहतर तरीके से पूरा किया है। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के हित में संस्थाओं की ओर से किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।

विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह ने कहा कि समाज की प्रगति केवल संसाधनों से नहीं होती, बल्कि उन लोगों के समर्पण, साहस और निरंतर प्रयासों से होती है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने क्षेत्र में असाधारण योगदान देते हैं।

PSI India के डिप्टी डायरेक्टर समरेन्द्र बेहरा ने कहा कि सम्मान किसी व्यक्ति के कठिन परिश्रम, समर्पण और उपलब्धियों की पहचान होता है। उन्होंने सम्मानित होने वाली विभूतियों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

भाजपा प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की महत्वपूर्ण पूंजी हैं। उन्होंने इन क्षेत्रों में संस्थाओं की ओर से किए जा रहे कार्यों को सराहनीय बताया।

पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी समेत कई हस्तियां सम्मानित
समारोह में सेवा शिखर सम्मान से पद्मश्री डॉ. अनिल कुमार रस्तोगी, कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान, लखनऊ के निदेशक डॉ. एमएलबी भट्ट, वरिष्ठ चिकित्सक एवं श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में लेखिका एवं कौशल विकास विशेषज्ञ निशा सिंह, एसजीपीजीआई की डॉ. निरुपमा सिंह और समाजसेवा के क्षेत्र में PSI India व समाजसेवी डॉ. उर्वशी साहनी समेत कई लोगों को सम्मानित किया गया।

खेल के क्षेत्र में वर्ष 1988 के सियोल ओलंपिक में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले सुजीत कुमार को भी सम्मान मिला। पत्रकारिता के क्षेत्र में रमा अरुण त्रिवेदी, वरिष्ठ पत्रकार आदर्श प्रकाश सिंह, मनीष पाण्डेय, हरि मोहन वाजपेयी ‘माधव’ और दिनेश श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।

शिक्षा के क्षेत्र में श्री जय नारायण मिश्रा पीजी कॉलेज, लखनऊ के प्राचार्य प्रो. कौशल किशोर शुक्ला तथा डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय की सहायक आचार्य डॉ. शिवानी कटारा को सम्मान दिया गया। वहीं उद्यमिता के क्षेत्र में सौरभ श्रीवास्तव और कृषि के क्षेत्र में इनवायन्यान नगरी ऑर्गेनिक फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को भी सेवा शिखर सम्मान प्रदान किया गया।

यह भी पढ़ें…

UP News: वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत, प्राइवेट पार्ट पर चोट के निशान…

सेवा गौरव सम्मान से भी सम्मानित हुईं कई प्रतिभाएं
सेवा गौरव सम्मान से PSI India के नीरज मिश्रा और पारुल सक्सेना, डॉ. स्वर्णिमा सिंह, डॉ. अपूर्व सिंह, अनूप श्रीवास्तव, प्रियंका शर्मा, रवीना विजयन समेत अन्य लोगों को सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। पीहू द्विवेदी ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। इसके अलावा गार्गी द्विवेदी के नृत्य और अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।

यह भी पढ़ें…

UP विस में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी का निधन

निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन
कार्यक्रम के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संस्थान, खुशी फाउंडेशन और मैक्स अस्पताल के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों को चिकित्सीय परामर्श दिया और आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई। बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।

समारोह का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर समाज को बेहतर दिशा देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करना और उनके योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाना रहा।

यह भी पढ़ें…

लखनऊ में गूंजा वन्दे मातरम्, 5,898 प्रतिभागियों ने एक साथ गायन कर रचा इतिहास

Back to top button