41 वर्षों की बेबाक पत्रकारिता को सलाम, वरिष्ठ पत्रकार श्रीनारायण तिवारी को मिलेगा अवार्ड

Aaj Ka Karmaveer Award 2026: पत्रकारिता के क्षेत्र में चार दशकों से अधिक समय से अपनी धारदार लेखनी और निष्पक्ष रिपोर्टिंग की छाप छोड़ने वाले वरिष्ठ पत्रकार श्रीनारायण तिवारी को ‘आज का कर्मवीर 2026 अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। वर्तमान में राष्ट्रीय हिंदी दैनिक ‘यशोभूमि’ के संपादक के रूप में कार्यरत श्री तिवारी को यह प्रतिष्ठित सम्मान मीडिया (प्रिंट) श्रेणी में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जा रहा है।

27 सितंबर को मुंबई के गोरेगांव पूर्व स्थित ‘द वेस्टिन’ में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में उद्योग और राजनीति जगत की कई दिग्गज हस्तियां शिरकत करेंगी।

41 वर्षों का साहसिक सफर

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की बदलापुर तहसील स्थित जगजीवन पट्टी गांव के मूल निवासी श्रीनारायण तिवारी ने वर्ष 1984 में शाहगंज से प्रकाशित साप्ताहिक पत्र ‘वादरायण’ से अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की थी।

इसके बाद 1988 में वह मुंबई में ‘जनसत्ता’ से बतौर स्टाफ रिपोर्टर जुड़े और फिर 2003 में ‘लोकमत समाचार’ में ब्यूरो चीफ तथा पूरे लोकमत समूह के लिए विशेष संवाददाता के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने ‘दबंग दुनिया’, ‘एब्सोल्यूट इंडिया’, ‘पूर्ण विराम’ और ‘जागरूक टाइम्स’ जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में संपादक और कार्यकारी संपादक की जिम्मेदारी निभाई।

कई घोटाले का किया पर्दाफाश

मंत्रालयिक और राजनीतिक रिपोर्टिंग के विशेषज्ञ माने जाने वाले श्रीनारायण तिवारी को उनकी निर्भीक और खोजी पत्रकारिता (Investigative Journalism) के लिए विशेष रूप से पहचाना जाता है। उन्होंने रेलवे में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार 15 दिनों तक फॉलो-अप रिपोर्टिंग करके दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराई थी, जिसके लिए उन्हें ‘गजानन आर्य साहसिक एवं खोजी पत्रकारिता पुरस्कार’ से नवाजा गया।

इसके अतिरिक्त, महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) में व्याप्त भ्रष्टाचार को लोकमत समूह के तीनों भाषाई पत्रों में एक साथ उजागर कर उन्होंने बड़े-बड़े आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।

दैनिक ‘यशोभूमि’ को दी नई पहचान

तमाम प्रलोभनों और धमकियों के बावजूद कभी न झुकने वाले श्रीनारायण तिवारी को पूर्व में ‘गऊ भारती सम्मान’ सहित कई राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उनके कुशल मार्गदर्शन में दैनिक ‘यशोभूमि’ आज सफलता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उनके नए तेवर और संपादकीय दृष्टिकोण की आज पूरे मीडिया जगत में व्यापक सराहना की जाती है। ‘आज का कर्मवीर अवार्ड फाउंडेशन’ के निदेशक जेम्स डिसुजा के अनुसार, उनका यह सम्मान देश में निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।

Back to top button