2027 वनडे विश्व कप होगा मेरा आखिरी, विराट कोहली के भावुक बयान से फैंस मायूस

Virat Kohli 2027 ODI World Cup: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर एक बहुत ही भावुक और बड़ा खुलासा किया है। 37 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी ने स्पष्ट कर दिया है कि दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाला 2027 का आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा।

टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप से पहले ही संन्यास ले चुके कोहली अब अपना पूरा ध्यान सिर्फ वनडे क्रिकेट पर केंद्रित कर रहे हैं ताकि वे देश को एक और विश्व कप ट्रॉफी दिला सकें।

‘मैदान पर सब कुछ झोंक दूंगा’

एक इंटरव्यू के दौरान बातचीत करते हुए विराट कोहली ने कहा कि यह भारत के लिए खेलने वाला उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा और यही बात उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य भारत को 2027 का वर्ल्ड कप जिताना है और इसके लिए वे मैदान पर अपना शत-प्रतिशत योगदान देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

कोहली ने बताया कि 50 ओवर के फॉर्मेट की तीव्रता बहुत अधिक होती है और विदेशी परिस्थितियों में लगातार 10 मैचों तक खुद को मानसिक और शारीरिक रूप से शीर्ष स्तर पर बनाए रखना एक बड़ी चुनौती होती है।

मैदान में उतरेंगे किंग कोहली

साल 2011 में पहली बार विश्व विजेता बनने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे विराट कोहली के करियर का यह पांचवां वनडे वर्ल्ड कप होगा। इससे पहले वे 2011, 2015, 2019 और 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

अपने शानदार करियर में उन्होंने वनडे वर्ल्ड कप के 37 मैचों में 59.83 की औसत से 1,795 रन बनाए हैं, जिनमें 5 शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं पूरे वनडे फॉर्मेट की बात करें तो उनके नाम 302 पारियों में 58.59 की औसत से 14,941 रन और 54 शतक दर्ज हैं। आगामी घरेलू सीरीज से पहले कोहली के इस बयान ने उनके प्रशंसकों को बेहद भावुक कर दिया है।

ये भी पढ़े-IND vs WI: वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज का पहला मैच, RO-KO की वनडे टीम में वापसी

Back to top button