
TRAI New Rules: अब पूरे 30 दिन चलेगा मोबाइल रिचार्ज, कॉलिंग वाले प्लान भी होंगे सस्ते
TRAI New Rules 2026: देश भर के करोड़ों मोबाइल प्रीपेड यूजर्स के लिए राहत भरी खबर आई है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने ‘दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियम, 2026’ को आधिकारिक रूप से लागू कर दिया है। नए नियमों के तहत अब सभी टेलीकॉम कंपनियों को 28 दिनों की सीमा को खत्म करते हुए पूरे 30 दिनों की वैलिडिटी वाले स्पेशल प्लान पेश करने अनिवार्य होंगे।
इसके साथ ही जिन उपभोक्ताओं को मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं है, उनके लिए कंपनियों को केवल कॉलिंग और एसएमएस वाले बेहद सस्ते प्लान भी मार्केट में उतारने होंगे।
28 दिन के चक्र से मुक्ति
अब तक देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनियां अधिकांश प्रीपेड प्लान 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ देती थीं। इस व्यवस्था के कारण हर महीने 2 से 3 दिन बच जाते थे और साल के अंत में उपभोक्ताओं को कुल 13 बार मोबाइल रिचार्ज कराना पड़ता था। ट्राई के नए दिशानिर्देशों के बाद अब यूजर्स को हर महीने एक ही तारीख को रिचार्ज रिन्यू कराने का विकल्प मिलेगा।
उदाहरण के तौर पर यदि कोई उपभोक्ता किसी महीने की 15 तारीख को रिचार्ज कराता है, तो उसका अगला रिचार्ज ठीक अगले महीने की 15 तारीख को ही देय होगा, जिससे साल में केवल 12 बार ही रिचार्ज कराना पड़ेगा।
राघव चड्ढा ने राज्यसभा में उठाया था मुद्दा
ट्राई के इस फैसले से फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले, ग्रामीण क्षेत्र के यूजर्स और बुजुर्गों को सबसे बड़ा फायदा मिलेगा। जो लोग केवल इनकमिंग कॉल या सामान्य कॉलिंग के लिए मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं, उन्हें अब जबरन महंगे इंटरनेट डेटा पैक खरीदने की जरूरत नहीं होगी।
इस मुद्दे को संसद में प्रमुखता से उठाने वाले राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भी इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि 28 दिन की वैलिडिटी व्यवस्था आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही थी, जिसे अब ट्राई ने उपभोक्ताओं के हित में बदलते हुए ऐतिहासिक राहत दी है।





