
UP News: उफान पर रामगंगा बांध, यूपी के इन जिलों पर मंडराया बाढ़ का खतरा
UP Flood Alert: उत्तराखंड के पहाड़ी और कैचमेंट इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का सीधा असर अब उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में देखने को मिल रहा है। कालागढ़ स्थित रामगंगा बांध का जलस्तर तेजी से अपने खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है, जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बाढ़ का गंभीर संकट मंडराने लगा है।
सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। नदियों के किनारे बसे निचले इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी जा रही है।
तटीय गांवों में अलर्ट जारी
पहाड़ी क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के चलते रामगंगा बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। बांध के जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए स्पिलवे से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने की पूरी संभावना है। यदि बांध से पानी का डिस्चार्ज बढ़ाया जाता है, तो रामगंगा नदी के तटीय इलाकों में अचानक जलस्तर बढ़ जाएगा।
इसे देखते हुए मुरादाबाद और बरेली मंडल के प्रशासनिक अधिकारियों ने नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ चौकियों को चौबीसों घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
ये भी पढ़े-आपदा में अवसर! 36 हजार करोड़ का एक्सप्रेसवे बन तालाब, मछली पकड़ने पहुंचे लोग
किसानों और ग्रामीणों की बढ़ी चिंता
रामगंगा और उसकी सहायक नदियों के उफान पर आने से तटीय इलाकों के हजारों एकड़ खेतों में बोई गई फसलों पर जलमग्न होने का खतरा मंडरा रहा है। बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद के दर्जनों गांवों का संपर्क जिला मुख्यालयों से टूटने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय प्रशासन ने ग्राम प्रधानों और राजस्व कर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें। इसके साथ ही प्रभावित होने वाले संभावित क्षेत्रों में राहत शिविर, भोजन सामग्री, शुद्ध पेयजल और मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
ये भी पढ़े-भगत सिंह जयंती: CM योगी ने लिखी ‘योगी की पाती’, युवाओं से की किताबों को दोस्त बनाने की अपील





