
‘Drishyam’ के मेकर्स से रकुल प्रीत तक…, बॉलीवुड पर इनकम टैक्स ने मारी रेड
Income Tax Raid: भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में सोमवार 28 सितंबर को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुंबई आयकर विभाग (IT Department) ने टैक्स चोरी और अवैध रूप से विदेशों में पैसा ट्रांसफर करने के संदेह में कई नामी फिल्मी हस्तियों और बड़े प्रोडक्शन हाउसों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी।
जांच एजेंसियों ने अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, पूजा एंटरटेनमेंट के कर्ताधर्ता व दिग्गज निर्माता वाशु भगनानी और ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाने वाले पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े करीब 12 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया है।
टैक्स हेराफेरी का संदेह
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार एजेंसियों को लंबे समय से ऐसे गुप्त इनपुट मिल रहे थे कि फिल्मों की ओवरसीज शूटिंग, अंतरराष्ट्रीय डिस्ट्रीब्यूशन और प्रोडक्शन की आड़ में बड़ी रकम बिना वैध नियमों का पालन किए विदेशों में भेजी जा रही है।
अधिकारियों को शक है कि इस प्रक्रिया में भारी पैमाने पर टैक्स की चोरी की गई है और वित्तीय हेराफेरी को अंजाम दिया गया है। इसी सिलसिले में मुंबई आईटी की विशेष टीमों ने संबंधित हस्तियों और कंपनियों के मुंबई स्थित रजिस्टर्ड दफ्तरों, व्यावसायिक परिसरों और निजी आवासों पर तलाशी अभियान शुरू किया है।
ये भी पढ़े-Box Office: ‘द वन’ ने रविवार को मचाया धमाल, ‘द पैराडाइज’ ने तोड़े कमाई के रिकॉर्ड
बड़े नाम रडार पर
इस रेड की जद में आए नामों में रकुल प्रीत सिंह शामिल हैं, जो बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। इसके अलावा वाशु भगनानी का पूजा एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन हाउस भी निशाने पर है, जिसने भारतीय सिनेमा को कई बड़ी फिल्में दी हैं। वहीं ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में बनाने वाले पैनोरमा स्टूडियोज की भी सघन जांच की जा रही है।
आयकर विभाग के अधिकारी दस्तावेजों, डिजिटल डिवाइसों और बैंक खातों के ब्यौरे खंगाल रहे हैं और माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद वित्तीय लेनदेन से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़े-Prahaar: ‘उज्ज्वल निकम’ की बायोपिक करने से क्यों डरे राजकुमार, KBC के मंच पर किया खुलासा





