IND vs WI: हवा में उड़ते नमन धीर ने लपका अद्भुत कैच; वेस्टइंडीज की जोरदार वापसी

IND vs WI 2nd ODI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे तीन मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में विंडीज टीम ने जबरदस्त वापसी की है। भारतीय टीम के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था और तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारत के लिए डेब्यू करने का मौका मिला।

मैच की शुरुआत में भारतीय गेंदबाजों और फील्डरों ने शिकंजा कसने की कोशिश की, जहां ऑलराउंडर नमन धीर ने डाइव लगाकर एक बेहद शानदार कैच पकड़ा।

नमन धीर की ‘सुपरमैन’ डाइव

भारतीय टीम को पहली सफलता पांचवें ओवर में मिली, जब तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की बाहर जाती गेंद पर वेस्टइंडीज के ओपनर केसी कार्टी ने ड्राइव लगाने की कोशिश की। गेंद हवा में कवर-पॉइंट की दिशा में गई, जहां मुस्तैद खड़े नमन धीर ने आगे की ओर दौड़ते हुए जमीन से कुछ ही इंच ऊपर हवा में शानदार डाइव लगाई और एक हाथ से हैरतअंगेज कैच पूरा किया।

नमन के इस ‘फ्लाइंग’ कैच के चलते केसी कार्टी को महज 9 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा। इसके बाद नमन धीर ने मैदान पर अपनी बेहतरीन फील्डिंग का नजारा एक बार फिर पेश किया जब उन्होंने शतकवीर जॉन कैंपबेल का कैच भी सफलता पूर्वक पकड़ा।

ये भी पढ़े-IND vs WI: फिर गरजने को तैयार विराट कोहली का बल्ला, तेज गेंदबाजी में फंसा पेच…

जॉन कैंपबेल का तूफानी शतक

शुरुआती झटका लगने के बावजूद वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख बनाए रखा। ओपनर जॉन कैंपबेल ने भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए महज 65 गेंदों में अपना तूफानी शतक पूरा किया। वे 101 रनों की शानदार पारी खेलकर गुरनूर बरार की गेंद पर नमन धीर को कैच थमा बैठे।

कैंपबेल के आउट होने के बाद कप्तान शाई होप और आमिर जांगू ने मोर्चे को संभाले रखा और दोनों ही बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे कर टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

वेस्टइंडीज की टीम ने 39 ओवरों का खेल समाप्त होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 320 से अधिक रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया है। भारत की ओर से गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार को 1-1 सफलता हाथ लगी है।

ये भी पढ़े-दीपक चाहर के तीन बल्‍ले हुए चोरी, क्रिकेटर को हो गया लाखो का नुकसान

Back to top button