
दीपक चाहर के तीन बल्ले हुए चोरी, क्रिकेटर को हो गया लाखो का नुकसान
Deepak Chahar Bats: भारतीय टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने तीन महंगे क्रिकेट बैट चोरी होने की जानकारी साझा की है। उत्तर प्रदेश के आगरा में शास्त्रीपुरम स्थित ‘चाहर-डावर क्रिकेट अकादमी’ में अभ्यास के दौरान यह घटना घटी।
दीपक चाहर ने बताया कि उनके चोरी हुए तीनों बैट ‘प्लेयर एडिशन’ के थे, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये है। 49 सेकेंड के इस वीडियो में चाहर ने न सिर्फ अपनी निराशा जाहिर की, बल्कि चुटीले अंदाज में प्रशंसकों से सलाह भी मांगी कि उन्हें अब इस मामले में क्या कदम उठाना चाहिए।
‘चोर को नहीं पता बैट की कीमत’
दीपक चाहर ने अपने वीडियो में कहा कि बीते दिन अभ्यास के दौरान उनके तीन बेहतरीन बैट चोरी हो गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिसने भी बैट चुराया है, उसे शायद इनकी असली कीमत का अंदाजा ही नहीं है। चोर या तो इन्हें कौड़ियों के भाव बेच देगा या फिर किसी गली में टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलने में इस्तेमाल करेगा।
आगरा
क्रिकेटर दीपक चाहर के ग्राउंड से लाखों के बैट चोरी, बोले- बैट दे दो भाई, पुलिस से शिकायत करूं या योगी और मोदी से
दीपक ने कहा – बैट चुराने वाले को शायद यह जानकारी नहीं होगी कि ये कितने महंगे हैं, उन्होंने चोर से अपील करते हुए कहा कि भाई, बैट वापस कर दो pic.twitter.com/PQF4b1KxSN
— Gaurav Kumar (@gaurav1307kumar) September 29, 2026
चाहर ने मजाकिया लहजे में कहा कि अगर उस व्यक्ति को पैसे की जरूरत थी तो वह उनसे सीधे मांग सकता था, वह उसे पैसे दे देते, लेकिन उनके पसंदीदा बैट इस तरह गायब नहीं होने चाहिए थे।
सोशल मीडिया पर वीडियो की चर्चा
वीडियो के अगले हिस्से में दीपक चाहर ने प्रशंसकों के सामने अपने विकल्प रखते हुए चुटकी ली। उन्होंने पूछा कि अब उनके पास 3-4 रास्ते बचे हैं या तो वे पुलिस स्टेशन जाकर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराएं, या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास जाएं, या फिर सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संपर्क करें।
उन्होंने चौथा विकल्प देते हुए कहा कि वे सीधे भगवान से प्रार्थना कर सकते हैं कि चोर को सद्बुद्धि आए और वह बैट वापस कर दे। दीपक चाहर का यह मजेदार और अनूठा अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
ये भी पढ़े- कंपाला इंटरनेशनल में लखनऊ की सोनाली ने जीता महिला युगल खिताब
IPL स्टार हैं चाहर
मूल रूप से आगरा के रहने वाले दीपक चाहर भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज होने के साथ ही आईपीएल (IPL) में अपनी स्विंग गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। घरेलू क्रिकेट में राजस्थान से खेलने वाले दीपक चाहर ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में महज 7 रन देकर 6 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाया था। इसमें एक हैट्रिक भी शामिल थी।





