
लखनऊ में अपना घर खरीदने का सुनहरा मौका! LDA ने शुरू की फ्लैट की बुकिंग
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में अपने सपनों का आशियाना बनाने की चाह रखने वाले लोगों के लिए एक राहतभरी खबर आई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) शहर के अलग-अलग विकासशील इलाकों में किफायती और आधुनिक फ्लैट्स की नई सौगात लेकर आया है।
इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से लेकर मध्यम वर्गीय परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 9 लाख रुपये से लेकर 35 लाख रुपये के बजट में फ्लैट्स पेश किए जा रहे हैं।
किफायती दाम में पीएम आवास
लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा तैयार की जा रही इस विशेष हाउसिंग स्कीम का मुख्य उद्देश्य शहर के नागरिकों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण मकान मुहैया कराना है। योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (PM Awas Yojana) के अंतर्गत आने वाले मकानों की शुरुआती कीमत मात्र 9 लाख रुपये रखी गई है, जिसमें नियमानुसार सरकारी सब्सिडी का लाभ भी शामिल रहेगा।
वहीं थोड़ा बड़ा बजट रखने वाले मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए एलआईजी और एमआईजी श्रेणी के आधुनिक सुविधाओं से लैस फ्लैट्स 35 लाख रुपये तक की कीमत में उपलब्ध कराए जाएंगे। ये सभी आवास वसंत कुंज, हरदोई रोड और सुल्तानपुर रोड जैसे प्रमुख कनेक्टिविटी वाले क्षेत्रों में स्थित हैं।
ये भी पढ़े-‘इससे अच्छा UP पुलिस को ही भंग कर दें…’, किस बात पर भड़का सुप्रीम कोर्ट?
आवेदन प्रक्रिया की जानकारी
एलडीए की इस योजना में हिस्सा लेने के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी रखा गया है। इच्छुक खरीदार लखनऊ विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर न्यू हाउसिंग स्कीम सेक्शन के जरिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। आवेदन के लिए आवेदक का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना और न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है।
पंजीकरण फॉर्म भरते समय आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और बैंक खाते का विवरण देना होगा। फॉर्म जमा करने के बाद निर्धारित ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फीस चुकाकर रसीद प्राप्त की जा सकती है, जिसके बाद लॉटरी और आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ये भी पढ़े-UP परिवहन आयुक्त ने प्रयागराज के यात्री-मालकर अधिकारी को किया निलंबित





