
‘मैंने मां को मार दिया… पुलिस आ जाओ’, लखनऊ में 17 वर्षीय बेटे पर हत्या का आरोप
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक 42 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 17 वर्षीय बेटे ने अपनी मां गीता भागचंदानी के सिर पर रिंच से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद नाबालिग ने कथित तौर पर खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी।
पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की गई।
बेटे ने पुलिस को दी जानकारी
मामला नाका हिंडोला थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित विजन अपार्टमेंट का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि समीर ने अपनी मां के सिर पर रिंच से कई वार किए, फिर खुद ही पुलिस को फोन करके जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर नाबालिग को हिरासत में लिया है।
रिंच से सिर पर वार करने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर रिंच से मां के सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई। पुलिस अब घटना के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े-आठ हत्याकांडों पर DGP को ज्ञापन देने निकले स्वामी मौर्य, गोमतीनगर में पुलिस ने रोका
पुलिस जांच में सामने आएंगे घटना के कारण
पुलिस नाबालिग से पूछताछ के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। हत्या के पीछे क्या कारण था, इसे लेकर जांच जारी है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चूंकि आरोपी नाबालिग बताया जा रहा है, इसलिए उसके संबंध में कानूनी प्रक्रिया किशोर न्याय कानून के प्रावधानों के तहत होगी।
ये भी पढ़े-UP News: मुसहर महिला को प्रसव से इनकार पर डॉक्टर बर्खास्त, CMS पर भी गाज





