
Airtel ने ग्राहकों को दिया झटका, 50 रुपये तक महंगे हुए पोस्टपेड प्लान
Airtel Postpaid Plans Price: प्राइवेट टेलीकॉम सेक्टर की दिग्गज कंपनी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) ने अपने पोस्टपेड ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। कंपनी ने अपने सभी पोस्टपेड टैरिफ प्लान्स की कीमतों में 50 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है।
संशोधित की गई ये नई दरें 8 अक्टूबर से प्रभावी हो जाएंगी। हालांकि, इस कीमत बढ़ोतरी के साथ कंपनी ने प्लान्स में कुछ नए और आकर्षक बेनिफिट्स भी जोड़े हैं।
पोस्टपेड प्लान हुए महंगे
एयरटेल ने अपने पोस्टपेड प्लान की कीमतों में प्लान के हिसाब से बढ़ोतरी की है। कंपनी ने कुछ प्लान में मामूली बढ़ोतरी की है, जबकि कई प्लान 50 रुपये तक महंगे किए गए हैं। यानी पोस्टपेड कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को अब हर महीने पहले के मुकाबले ज्यादा भुगतान करना होगा।
एयरटेल के पोस्टपेड पोर्टफोलियो में 499 रुपये से लेकर 1799 रुपये तक के प्लान शामिल हैं। 499 रुपये वाला प्लान व्यक्तिगत ग्राहक के लिए है। वहीं, 749 रुपये के प्लान में दो परिवार के सदस्य शामिल किए जा सकते हैं।
1049 रुपये वाले प्लान में तीन सदस्य, जबकि 1249 रुपये और 1449 रुपये के प्लान में चार परिवार के सदस्य शामिल हैं। सबसे महंगा 1799 रुपये वाला प्लान है, जिसमें पांच परिवार के सदस्यों को शामिल किया जा सकता है।
नए ग्राहकों के लिए नई कीमतें
एयरटेल के नए ग्राहक 8 अक्टूबर से बढ़ी हुई कीमतों वाले पोस्टपेड प्लान चुन सकेंगे। कंपनी ने नए प्लान के साथ एक अतिरिक्त लाभ भी दिया है। हर पोस्टपेड प्लान के साथ ग्राहकों को 5 दिनों की इंटरनेशनल रोमिंग मुफ्त मिलेगी। कंपनी के मुताबिक, इस सुविधा की कीमत 2,000 रुपये तक है।
जिन ग्राहकों के पास पहले से एयरटेल का पोस्टपेड कनेक्शन है, उन्हें भी नई दरों वाले प्लान में शिफ्ट होना होगा। कंपनी के मुताबिक, मौजूदा ग्राहकों को एक महीने के भीतर नए प्लान पर जाना होगा। ऐसे में एयरटेल पोस्टपेड यूजर्स के लिए अगले कुछ दिनों में अपने मौजूदा प्लान और नई कीमत की जानकारी चेक करना जरूरी होगा।





