
IPL 2027 से पहले पंजाब किंग्स की टीम में हलचल, ये दो दिग्गज हुए बाहर
IPL 2027 Punjab Kings: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) की फ्रेंचाइजी के खेमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। टीम के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स (James Hopes) और फील्डिंग कोच ब्रैड हैडिन (Brad Haddin) ने अपने-अपने कोचिंग पदों से इस्तीफा दे दिया है।
इन दोनों दिग्गजों के अचानक अलग होने से मुख्य कोच रिकी पोंटिंग की मुश्किलें बढ़ गई हैं, क्योंकि फ्रेंचाइजी को अब आगामी सीजन से पहले नए सपोर्ट स्टाफ की तलाश करनी होगी।
पोंटिंग के खास माने जाते हैं हेडिन-होप्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जेम्स होप्स और ब्रैड हैडिन के पंजाब किंग्स का साथ छोड़ने की मुख्य वजह उन्हें ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट में बड़ी जिम्मेदारियां मिलना है। जेम्स होप्स को हाल ही में क्वींसलैंड और ब्रिस्बेन हीट का हेड कोच नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हैडिन ने न्यू साउथ वेल्स के हेड कोच के रूप में कार्यभार संभाला है।
घरेलू क्रिकेट में पूर्णकालिक मुख्य कोच की भूमिका मिलने के कारण दोनों ने आईपीएल फ्रेंचाइजी से किनारा करने का फैसला किया है। होप्स और हेडिन का रिकी पोंटिंग के साथ पुराना जुड़ाव रहा है। दोनों पोटिंग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके है।
ये भी पढ़े- श्रेयस अय्यर ने T20I रैंकिंग में लगाई लंबी छलांग, विराट कोहली को हुआ नुकसान
रिकी पोंटिंग के सामने नई चुनौती
हेड कोच रिकी पोंटिंग के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले स्पिन गेंदबाजी कोच सैराज बहुतुले भी आईपीएल सीजन के बाद भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के साथ जुड़ चुके हैं। ऐसे में पंजाब किंग्स के प्रबंधन और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग के सामने दिसंबर में होने वाली नीलामी से पहले कोचिंग स्टाफ की इन अहम रिक्तियों को भरने की कड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। फ्रेंचाइजी जल्द ही नए नामों पर मुहर लगा सकती है।
ये भी पढ़े- ‘इतिहास आपको याद रखेगा’, अजीत अगरकर की विदाई पर बोले गौतम गंभीर





