टाइगर श्रॉफ की हत्या की कोशिश! पुलिस ने दर्ज की तीन अज्ञातों के खिलाफ FIR

Tiger Shroff Firing Case FIR: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर मुंबई के जुहू इलाके में हुए फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन ने इस सनसनीखेज मामले में तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) सहित कई गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। इस घटना के बाद से फिल्म इंडस्ट्री और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस सूत्रों के अनुसार, जुहू पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास), धारा 3(5) (समान आशय के तहत आपराधिक कृत्य) और आर्म्स एक्ट (Arms Act) के प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच समेत कई विशेष टीमों का गठन किया गया है।

ड्राइवर का बयान दर्ज

पुलिस ने इस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए हमले में घायल हुए टाइगर श्रॉफ के ड्राइवर फिरदौस का बयान नानावटी अस्पताल जाकर आधिकारिक रूप से दर्ज कर लिया है। गनीमत यह रही कि इस अंधाधुंध फायरिंग में अभिनेता टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए और पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, गोलीबारी की इस घटना में उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

बिश्नोई गैंग का नाम आने पर जांच तेज

प्रारंभिक जांच और सोशल मीडिया पर सामने आए दावों के बाद इस हमले के तार किसी आपराधिक सिंडिकेट या लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच सभी संभावित एंगल से बारीकी से मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की तलाश में पुलिस की 15 से ज्यादा टीमें जुटी हुई हैं।

Back to top button