
Tiger Shroff की Car पर फायरिंग मामले में Kota से तीन संदिग्ध पकड़े
Mumbai में मिली वारदात में इस्तेमाल बाइक
Mumbai Kota Rajasthan Gujarat: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियों को अहम सुराग मिले हैं। कोटा पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए तीन लोगों में से दो पर फायरिंग करने का संदेह है। वहीं, मुंबई क्राइम ब्रांच मामले की जांच के लिए राजस्थान और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे तीन लोगों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की थी। अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन बारूद और कांच के टुकड़ों से उनके बाएं हाथ में चोट आई। घटना के दौरान उनके ड्राइवर को भी चोटें आईं। इस मामले में लॉरेंस गैंग की ओर से जिम्मेदारी लेने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस जांच में आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि होना बाकी है।वारदात को अंजाम देने के बाद संदिग्ध एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी होते हुए फरार हुए थे।
इसके बाद उन्होंने अपनी बाइक अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दी और बोरीवली जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।आरोपियों ने फायरिंग से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों पर नजर रखी थी। पुलिस के अनुसार, उन्हें अभिनेता के रविवार को जुहू स्थित फुटबॉल ग्राउंड आने की जानकारी थी। इसी आधार पर पुलिस वारदात की योजना और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।





