
IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस का बड़ा फैसला! कीरोन पोलार्ड बने हेड कोच
Kieron Pollard Head Coach: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की पांच बार की विजेता टीम मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने आगामी आईपीएल 2027 सीजन से पहले कोचिंग स्टाफ में ऐतिहासिक बदलाव किया है।
फ्रेंचाइजी ने अपने पूर्व विस्फोटक ऑलराउंडर और भरोसेमंद खिलाड़ी कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) को टीम का नया हेड कोच (Head Coach) नियुक्त किया है। पोलार्ड इससे पहले टीम के साथ बतौर बैटिंग कोच जुड़े हुए थे और अब वह महेला जयवर्धने का स्थान लेंगे।
पोलार्ड को मिली बड़ी जिम्मेदारी
बता दें कि हाल ही में महेला जयवर्धने के अपने पद से हटने के बाद मुंबई इंडियंस प्रबंधन ने यह अहम फैसला लिया है। कीरोन पोलार्ड का मुंबई इंडियंस के साथ 16 साल पुराना और बेहद अटूट रिश्ता रहा है। साल 2010 में बतौर खिलाड़ी मुंबई इंडियंस से जुड़ने वाले पोलार्ड ने इस फ्रेंचाइजी के लिए कई ऐतिहासिक पारियां खेली हैं और टीम को अपनी शानदार बल्लेबाजी, गेंदबाजी तथा फील्डिंग के दम पर 5 बार आईपीएल का खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई है।
नवंबर 2022 में आईपीएल के बतौर खिलाड़ी सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने के तुरंत बाद उन्हें टीम का बैटिंग कोच बना दिया गया था। पिछले चार वर्षों तक बल्लेबाजी कोच के रूप में अपनी सेवाएं देने के बाद अब फ्रेंचाइजी ने उनके अनुभव और रणनीतिक कौशल को देखते हुए उन्हें मुख्य कोच (हेड कोच) के पद पर प्रमोट किया है।
फ्रेंचाइजी से अच्छी तरह वाकिफ हैं पोलार्ड
मुंबई इंडियंस के साथ अपनी नई भूमिका को लेकर कीरोन पोलार्ड ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी के साथ उनका नाता बेहद गहरा रहा है। उन्होंने टीम मालकिन नीता अंबानी और आकाश अंबानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर टीम की पुरानी विरासत को आगे बढ़ाने और युवा प्रतिभाओं को निखारने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ये भी पढ़े- IND vs NZ: कमबैक मैच में महंगे साबित हुए भुवनेश्वर कुमार, पहले टी20 में जमकर हुई पिटाई
क्रिकेट पंडितों का मानना है कि पोलार्ड का ड्रेसिंग रूम पर मजबूत नियंत्रण और आधुनिक टी20 क्रिकेट की गहरी समझ मुंबई इंडियंस के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। पिछले कुछ सीजन में टीम के प्रदर्शन में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है, ऐसे में फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि पोलार्ड के मार्गदर्शन में टीम एक बार फिर से अपनी पुरानी लय हासिल करते हुए छठे खिताब की ओर मजबूती से कदम बढ़ाएगी।
ये भी पढ़े- IND W vs ZIM W: तूफानी पारी के बाद भावुक हुईं हरमनप्रीत कौर, मैदान पर छलके आंसू





