
Lucknow: पिता लगाता रहा थाने का चक्कर, बेटी ने छेड़छाड़ से परेशान होकर दे दी जान
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र से पुलिसिया कार्यशैली और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। पड़ोसी युवक द्वारा स्कूल आते-जाते लगातार की जा रही छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर 11वीं की एक छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पीड़िता के परिवार का आरोप है कि पुलिस से बार-बार गुहार लगाने और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। छात्रा के आत्मघाती कदम उठाने के बाद जागे पुलिस महकमे ने लापरवाही बरतने वाले चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है।
छेड़छाड़ करता था पड़ोसी युवक
घटना मलिहाबाद के कसमंडी कला क्षेत्र की है। परिजनों के अनुसार, 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा को पड़ोसी गांव का एक मनचला युवक स्कूल आते-जाते समय अक्सर रास्ते में रोककर परेशान करता था। लगभग एक महीने पहले भी आरोपी ने छात्रा की साइकिल रोककर उसके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की थी। पीड़िता ने घर पहुंचकर रोते हुए पूरी बात परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजनों ने विरोध जताया था।
सोती रही पुलिस
मृतका के पिता का आरोप है कि उन्होंने 13 अक्टूबर को मलिहाबाद पुलिस को लिखित तहरीर देकर बेटी से छेड़छाड़ करने वाले मनचले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने पर उन्होंने 24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री के आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई थी।
आरोप है कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय मामले को सुलह-समझौते के नाम पर टाल दिया और कागजों में शिकायत का निस्तारण दर्शा दिया। पुलिस की इस हीलाहवाली से मनचले के हौसले बुलंद रहे और लगातार मिल रही धमकियों व प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार छात्रा ने कमरे में दुपट्टे के सहारे बांस से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
चौकी इंचार्ज विवेक निलंबित
सोमवार दोपहर जब परिजन घर लौटे तो बेटी का शव फंदे पर लटका देखकर कोहराम मच गया। छात्रा की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस की लापरवाही पर भारी आक्रोश जताया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जैसे-तैसे स्थिति को संभाला।
लापरवाही की प्राथमिक पुष्टि होने के बाद पुलिस प्रशासन ने कसमंडी कला चौकी इंचार्ज विवेक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





