UP में BJP का ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान, CM योगी आज लखनऊ में करेंगे पदयात्रा

BJP Padyatra UP: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर राजनीतिक सरगर्मियां अपने चरम पर पहुंच गई हैं। विपक्षी दलों के तेवर और राजनीतिक माहौल के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य में एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

‘रिजीम चेंज’ (सत्ता परिवर्तन) के मुद्दों और विपक्ष के एजेंडे का मुकाबला करने के लिए पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में तीन दिवसीय विशाल पदयात्राओं का आगाज कर दिया है।

लखनऊ में शिवराज सिंह चौहान

अभियान के पहले दिन मंगलवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ (अवध क्षेत्र) में एक भव्य पदयात्रा निकाली जा रही है। इस पदयात्रा का नेतृत्व केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) कर रहे हैं। उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी मौजूद हैं।

लखनऊ में लोक भवन से शुरू होकर यह पदयात्रा हजरतगंज होते हुए केडी सिंह बाबू स्टेडियम तक पहुंच रही है। इस दौरान पार्टी के हजारों कार्यकर्ता और पदाधिकारी लोकतंत्र की रक्षा और विकास के संकल्प के साथ सड़कों पर उतरे हैं।

बरेली में जेपी नड्डा और जयंत चौधरी की हुंकार

उधर, ब्रज क्षेत्र के तहत बरेली में भी बीजेपी ने इस अभियान के जरिए बड़ी राजनीतिक ताकत दिखाई है। बरेली में आयोजित इस पदयात्रा की अगुवाई पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा (JP Nadda) कर रहे हैं। उनके साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और राष्ट्रीय लोकदल (RLD) प्रमुख एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।

इस संयुक्त पदयात्रा के माध्यम से एनडीए गठबंधन ने विपक्ष के सियासी हमलों का जवाब देने और जनता के बीच अपनी एकजुटता का संदेश देने का काम किया है।

तीन दिनों तक चलेगा अभियान

भारतीय जनता पार्टी के इस मेगा कैंपेन के तहत अगले तीन दिनों (3 से 5 नवंबर) तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बड़े नेताओं के नेतृत्व में पदयात्राएं और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम के अगले चरणों में गोरखपुर, प्रयागराज और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों में पार्टी के दिग्गज नेता मोर्चा संभालेंगे।

सीएम योगी करेंगे समापन

इस अभियान का समापन 5 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में होगा, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस विशाल पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन यात्राओं के जरिए बीजेपी एक तरफ जहां अपने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर रही है, वहीं विपक्ष के हर नैरेटिव का आक्रामक तरीके से मुकाबला करने की रणनीति पर काम कर रही है।

Back to top button