बांदा में OP राजभर का ‘दबंग’ अंदाज; कहा- ‘देश में मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं’

Om Prakash Rajbhar: यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का कहना है कि देश में उनसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है। मुख्‍तार अंसारी, बृजेश सिंह और धनंजय सिंह जैसे लोग उनके यहां दरबार करते हैं।

मुख्तार अंसारी और अन्य चर्चित चेहरों को लेकर दिए गए उनके बयानों ने फिर राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। राजभर के इस अंदाज पर विपक्षी दल लगातार हमलावर नजर आ रहे हैं, जबकि राजनीतिक विश्लेषक इसे उनके अनोखे अंदाज से जोड़कर देख रहे हैं।

‘राजनीति में आने के बाद सब सुधर जाते हैं’

यूपी विधानसभा चुनाव पास आते ही एनडीए गठबंधन में शामिल सुभासपा भी एक्टिव हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्‍यक्ष ओमप्रकाश राजभर जिले-जिले घूमकर अपने समाज के लोगों से संवाद कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को वह बांदा पहुंचे। यहां उन्‍होंने खुद को देश का सबसे बड़ा गुंडा बता दिया। यह भी कहा कि मुख्‍तार अंसारी , धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और अभय सिंह जैसे लोग उनके यहां दरबार करते हैं।

बबेरू इलाके में भागीदारी पार्टी की तरफ से जन अधिकार महारैली का आयोजन किया गया। ओमप्रकाश राजभर इसमें मुख्‍य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राजभर ने कहा- सुनता हूं कि बांदा में बहुत बड़े गुंडा रहते हैं। हमसे बड़ा इस देश में गुंडा कौन है। जिसके यहां मुख्‍तार अंसारी, धनंजय सिंह, बृजेश सिंह और अभय सिंह जैसे लोग दरबार करते हों तो बताओ हमसे बड़ा गुंडा कौन है। कोई है? अगर कोई आपको आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत ओमप्रकाश राजभर के पास है।

पहले भी मुख्तार अंसारी को लेकर दे चुके हैं बयान

यह कोई पहला मौका नहीं है जब ओम प्रकाश राजभर ने मुख्तार अंसारी या अन्य बाहुबली नेताओं के संदर्भ में खुलकर अपनी बात रखी हो। इससे पहले भी जब मुख्तार बांदा जेल में बंद थे, तब राजभर ने उनसे मुलाकात की थी और उनके राजनीतिक रसूख तथा क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता को लेकर बयान दिए थे। सुभासपा प्रमुख का यह मानना रहा है कि जनता के बीच जिसकी जैसी स्वीकार्यता होती है, उसे उसी रूप में देखा जाता है।

हालांकि, मौजूदा समय में सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा होने के बावजूद उनके ऐसे बयानों से कई बार राजनीतिक असहजता की स्थिति भी पैदा हो जाती है।

ये भी पढ़े-AC कोच में महिला का गहनों से भरा बैग चोरी, चार बार खींची चेन, फिर भी नहीं मिली मदद

विपक्ष के निशाने पर रहते हैं राजभर

ओम प्रकाश राजभर के बयानों को लेकर विपक्ष लगातार सत्ता पक्ष को घेरता रहा है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि एक तरफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति और अपराधियों के सफाए का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ गठबंधन में शामिल सहयोगी दल के नेता इस तरह के बयान देकर अपराधियों को महिमामंडित करने का काम करते हैं। बहरहाल, राजभर के इस ताजा बयान ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की सियासत में गर्माहट ला दी है और आने वाले दिनों में इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर और तेज होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़े-Lucknow: पिता लगाता रहा थाने का चक्कर, बेटी ने छेड़छाड़ से परेशान होकर दे दी जान

Back to top button