UP News: अवैध खनन रोकने गई टीम पर दबंगों का हमला, नायब तहसीलदार का टूटा पैर

Sultanpur News: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक घटना सामने आई है। जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर औचक निरीक्षण करने गई राजस्व विभाग की टीम पर खनन माफियाओं और दबंगों ने हमला बोल दिया।

हद तो तब हो गई जब बेखौफ दबंगों ने छापेमारी करने पहुंचे दो लेखपालों को कुछ देर के लिए बंधक बना लिया और विरोध करने पर सदर नायब तहसीलदार का पैर तोड़ दिया। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

नायब तहसीलदार पर हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला प्रशासन को कोतवाली नगर क्षेत्र के रामनगर इमलिया गांव में धड़ल्ले से अवैध मिट्टी खनन और परिवहन किए जाने की शिकायत मिली थी। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सदर तहसील के नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व कर्मियों की एक टीम मौके पर निरीक्षण करने के लिए रवाना हुई। जब टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से मिट्टी लाद रहे डंपर और खनन में जुटी जेसीबी मशीनों को रोकने का प्रयास किया, तो वहां मौजूद दबंगों और खनन माफियाओं के तेवर तल्ख हो गए।

ये भी पढ़े-बांदा में OP राजभर का ‘दबंग’ अंदाज; कहा- ‘देश में मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं’

लेखपालों को बनाया बंधक

देखते ही देखते खनन माफियाओं के गुर्गों ने राजस्व टीम को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि दबंगों ने स्थिति का फायदा उठाते हुए मौके पर मौजूद दो लेखपालों को बंधक बना लिया। जब अधिकारियों ने इसका विरोध किया और अपने साथियों को छुड़ाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। इस हिंसक झड़प के दौरान सदर नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनका पैर गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी धमकी देते हुए वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।

ये भी पढ़े-AC कोच में महिला का गहनों से भरा बैग चोरी, चार बार खींची चेन, फिर भी नहीं मिली मदद

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और बंधक बनाए गए लेखपालों को सुरक्षित मुक्त कराया। घायल नायब तहसीलदार और अन्य कर्मचारियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जिला प्रशासन ने इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने इस मामले में नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है तथा मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।

ये भी पढ़े-Lucknow: पिता लगाता रहा थाने का चक्कर, बेटी ने छेड़छाड़ से परेशान होकर दे दी जान

Back to top button