UP News: खौफनाक! अफेयर के शक में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधकर जिंदा जलाया

Kannauj Crime News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक अत्यंत विचलित कर देने वाली घटना सामने आई है। जिले के छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर चौकी अंतर्गत जगतपुर गांव में प्रेम-प्रसंग के शक और पारिवारिक विवाद के चलते एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।

आरोप है कि पति ने अपनी 30 वर्षीय पत्नी को पहले घर के अंदर कुर्सी से मजबूती से बांधा और उसके बाद उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इस भीषण अग्निकांड में बुरी तरह झुलसने से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

11 साल पहले की थी लव मैरिज

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जगतपुर गांव के रहने वाले सुखबीर सिंह उर्फ मोनू की शादी करीब 11 साल पहले सोनम (30 वर्ष) के साथ प्रेम विवाह (Love Marriage) के जरिए हुई थी। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें 7 साल का बेटा और 5 साल की बेटी शामिल हैं। आरोपी पति सुखबीर हरियाणा के हिसार में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था।

सूत्रों के मुताबिक, पति को पिछले कुछ दिनों से यह शक था कि उसकी पत्नी सोनम का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर पिछले कुछ दिनों से घर में लगातार विवाद चल रहा था। मामले को लेकर दो दिन पहले स्थानीय पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत और समझौते का प्रयास भी कराया गया था, जिसके बाद स्थिति कुछ समय के लिए शांत हुई थी, लेकिन अंदर ही अंदर विवाद की सुलगती आग खत्म नहीं हुई।

कुर्सी से बांधकर छिड़का पेट्रोल

गुरुवार सुबह एक बार फिर इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी नोकझोंक हुई। गुस्से में तमतमाया सुखबीर घर से बाहर गया और कुछ ही देर में एक बोतल में पेट्रोल लेकर वापस लौटा। आरोप है कि उसने क्रूरता दिखाते हुए अपनी पत्नी सोनम को कुर्सी से बांधा, उस पर पेट्रोल उड़ेल दिया और लाइटर से आग लगा दी।

घर के अंदर से ऊंची-ऊंची लपटें और चीख की सुनकर आसपास के ग्रामीण ओर दौड़े। ग्रामीणों ने इसकी सूचना छिबरामऊ कोतवाली पुलिस और दमकल विभाग (Fire Brigade) को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दमकलकर्मी जब अंदर पहुंचे तो महिला का शरीर पूरी तरह जल चुका था।

आरोपी पति पुलिस हिरासत में

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर मौके से फरार होने की फिराक में था। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी और उसे अपनी हिरासत में ले लिया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे ने बताया कि शुरुआती जांच में अवैध संबंध के शक में वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस टीम घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रही है तथा फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Back to top button