
‘पंचर साइकिल एक्सप्रेसवे पर नहीं दौड़ सकती…’, गोरखपुर में गरजे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन
Nitin Naveen In Gorakhpur: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के राजनीतिक संग्राम का बिगुल फूंकते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर से विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है।
शहर के महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पूर्व विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि आगामी 2027 के चुनावों में भारतीय जनता पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर सरकार बनाएगी और समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस गठबंधन का सूबे से पूरी तरह सफाया तय है।
“2027 में सपा-कांग्रेस का सफाया तय”
विपक्ष पर करारा प्रहार करते हुए नितिन नवीन ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर चुटकी ली। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अखिलेश यादव कहते हैं कि साइकिल फिर दौड़ेगी, लेकिन उन्हें यह याद रखना चाहिए कि आज का उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे पर तरक्की की रफ्तार से दौड़ रहा है। ऐसी स्थिति में उनकी यह पंचर हो चुकी साइकिल अब एक्सप्रेसवे पर नहीं चल सकती।”
आज गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में सम्मिलित हुआ। कार्यकर्ताओं और नागरिकों की जोरदार भागीदारी ने लोकतंत्र के प्रति हमारी अटूट निष्ठा और समर्पण को एक बार फिर सिद्ध कर दिया है।
राहुल गांधी जैसे पार्ट-टाइम राजनेता और उनका विपक्षी गठबंधन न तो जनादेश का सम्मान करते हैं और न ही संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा समझते हैं। उनका एकमात्र मकसद लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर बेबुनियाद सवाल उठाकर केवल भ्रम और अराजकता फैलाना है। लेकिन देश का युवा आज आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में नए भारत के निर्माण हेतु पूरी ऊर्जा के साथ अग्रसर है।
उत्तर प्रदेश में भी अब ‘साइकिल’ के टायर पूरी तरह पंचर हो चुके हैं और प्रदेश तुष्टिकरण की राजनीति को पीछे छोड़कर एक्सप्रेसवे और विकास के नए दौर में आगे बढ़ रहा है।
@BJP4UP
#SaveDemocracyRemoveAnarchy— Nitin Nabin (@NitinNabin) November 4, 2026
उन्होंने कहा कि दोनों दलों के तथाकथित युवराज चुनाव के वक्त मैदान में उतरते हैं और हार का सामना करने के बाद फिर गायब हो जाते हैं। एक तरफ जहां परिवारवादी और स्वार्थी दल अपनी राजनीतिक जमीन बचाने में लगे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश और प्रदेश की 140 करोड़ जनता के विकास के लिए समर्पित भाव से दिन-रात काम कर रहे हैं।
संविधान के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज जो लोग संविधान की प्रतियां हाथ में लेकर घूम रहे हैं, वे यह भूल जाते हैं कि देश में आपातकाल (Emergency) लगाकर इसी कांग्रेस पार्टी ने संविधान की मूल आत्मा को तार-तार किया था। उन्होंने नेहरू-गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इतिहास गवाही देता है कि उन्होंने हमेशा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया और उन्हें राजनीतिक रूप से हराने के लिए हरसंभव षड्यंत्र रचे थे
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रहा हूँ।
#SaveDemocracyRemoveAnarchy https://t.co/25OCmU2ctT
— Nitin Nabin (@NitinNabin) November 4, 2026
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विपक्षी दलों के भ्रम फैलाने वाले नैरेटिव का डटकर मुकाबला करें और केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित पार्टी के तमाम दिग्गज नेता और हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





