
PoK में पाक सेना का खूनी खेल, रावलकोट में नागरिकों के घरों पर दागे ड्रोन
PoK Drone Attack: पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoK) में हालात बेहद भयावह हो गए हैं। अपने बुनियादी अधिकारों, प्रशासनिक स्वायत्तता और दमन के खिलाफ सड़कों पर उतरे निहत्थे नागरिकों पर पाकिस्तानी सेना ने भारी जुल्म ढाना शुरू कर दिया है।
PoK के रावलकोट (Rawalakot) शहर में गुरुवार तड़के पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने आम नागरिकों के रिहायशी मकानों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए और अंधाधुंध गोलीबारी की। इस बर्बर हमले में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सुबह से शुरू हुई अंधाधुंध गोलीबारी
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पर सामने आए दर्दनाक वीडियो के अनुसार, यह घटना रावलकोट के प्रसिद्ध उमर फारूक चौक और आसपास के रिहायशी इलाकों में घटी। गुरुवार सुबह करीब 5 बजे पाकिस्तानी सेना के जवानों ने अचानक इलाके को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
आरोप है कि सेना ने निहत्थे प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए कई घरों पर विस्फोटक से लैस ड्रोन दागे। ड्रोन हमलों के चलते कई मकानों में भीषण आग लग गई। स्थानीय निवासियों ने घटनास्थल से मिले हथियारों के शार्पनेल और मलबे के वीडियो शेयर करते हुए पाकिस्तानी सेना पर महिलाओं और बच्चों तक को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं ठप
हमले के बाद से पूरे रावलकोट शहर में खौफ और अफरा-तफरी का माहौल है। स्थिति की जानकारी बाहर जाने से रोकने के लिए पाकिस्तानी प्रशासन ने इलाके में सरकारी मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं को पूरी तरह से बंद (Blackout) कर दिया है। इंटरनेट बंद होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरकर पाक सेना और पाकिस्तान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं।
अब पूर्ण स्वायत्तता की मांग
PoK में जारी यह जनआंदोलन अब केवल सस्ती बिजली, रियायती आटा या बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं रह गया है। पिछले कई महीनों से चल रहे इस आंदोलन में स्थानीय नागरिक अब असेंबली में अपना उचित प्रतिनिधित्व, स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों पर अपना पहला अधिकार और इस्लामाबाद से पूर्ण प्रशासनिक स्वायत्तता की मांग कर रहे हैं।
स्थानीय प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे असीम मुनीर के नेतृत्व वाली पाकिस्तानी सेना के इस दमनकारी रवैये से डरने वाले नहीं हैं और अपने हक की लड़ाई के लिए जान देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
ये भी पढ़े-US मिडटर्म में हार पर ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- ईरान युद्ध ने बिगाड़ा खेल





