लद्दाख में चुनाव के विरोध में प्रदर्शन जारी, सोनम वांगचुक हाउस अरेस्ट

Ladakh Protests: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में आगामी 4 दिसंबर को होने वाले स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (LAHDC) और पंचायत चुनावों को लेकर पारा काफी हाई हो गया है। सर्दियों के मौसम में चुनाव कराए जाने के प्रशासनिक फैसले के खिलाफ स्थानीय लोगों और राजनीतिक संगठनों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

इस विरोध प्रदर्शन के बीच प्रसिद्ध जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षाविद् सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) ने दावा है कि पुलिस प्रशासन ने उनके घर के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात कर उन्हें ‘नजरबंद’ (House Arrest) कर दिया है।

काउंसिल के लिए होनी है वोटिंग

लद्दाख में 4 दिसंबर को लद्दाख हिल काउंसिल के चुनाव होने हैं। 21 नवंबर को केंद्र शासित प्रदेश में नगर निकाय और पंचायत चुनाव के लिए भी वोट डाले जाएंगे। लेह एपेक्स बॉडी (LAB) ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से कड़ाके की ठंड के दौरान चुनाव न कराने की अपील की थी। LAB के सह-अध्यक्ष शेरिंग दोरजे लाक्रूक ने बताया कि सर्दियों के दौरान लेह-लद्दाख की लगभग 30 प्रदेश आबादी इलाके से बाहर चली जाती है, इस कारण बड़ी संख्या में वोटर मतदान के अधिकार से वंचित हो जाएंगे।

‘भारी सुरक्षा बल के पहरे में हूं’

अपने एक वीडियो संदेश और सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए उनके आवास पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें घर से बाहर निकलने नहीं दिया जा रहा है और उनके मूवमेंट को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

हालांकि, लद्दाख पुलिस ने अपने बचाव में कहा है कि यह कार्रवाई चुनाव आचार संहिता और जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी निषेधाज्ञा (Prohibitory Orders) के तहत कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई है।

जनता का कड़ा विरोध

दूसरी ओर, प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए यह चुनाव बेहद जरूरी हैं। मुख्य सचिव आशीष कुंडरा ने तर्क दिया है कि चूंकि लद्दाख के स्कूल 15 दिसंबर तक खुले रहते हैं और बच्चे कक्षाओं में शामिल हो सकते हैं, इसलिए वयस्क नागरिकों के लिए भी मतदान केंद्रों तक पहुंचना संभव है।

हालांकि, स्थानीय जनता और नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों और मौसम की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए चुनावों को अप्रैल या मई तक टाला नहीं जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन और असंतोष जारी रहेगा।

Back to top button