‘मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बना दिया, यही गलती…’, जौहर यूनिवर्सिटी मामले में बोले आजम खान

Azam Khan Statement: मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय (Jauhar University) से जुड़े 426 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग के मामले में घिरे समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के वरिष्ठ नेता आजम खान (Azam Khan) का एक बयान सामने आया है।

पीएमएलए कोर्ट द्वारा चार दिन की ED की हिरासत में भेजे जाने के बाद, जब आजम खान को डासना जेल से पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था, तब उन्होंने मीडिया से बातचीत में तीखी प्रतिक्रिया दी। आजम खान ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने  शिक्षा का मंदिर बनाने का ‘गुनाह’ किया है, और शायद यही उनकी सबसे बड़ी गलती थी।

ED रिमांड पर हैं आजम खान

प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने रामपुर जेल से रिहाई के बाद 30 अक्टूबर को आजम खान को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद गाजियाबाद की अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था। वित्तीय लेनदेन और बड़े पैमाने पर धन के हेरफेर से जुड़े साक्ष्यों का पता लगाने के लिए ईडी ने अदालत से रिमांड की मांग की थी, जिसे स्वीकार करते हुए कोर्ट ने आजम खान को चार दिन की ईडी कस्टडी में भेज दिया है।

मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए आजम खान ने कहा, “हमने बच्चों को पढ़ाने का गुनाह किया है। यूनिवर्सिटी बनाई, स्कूल बनाए, मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बना दिया, शायद यही हमारी सबसे बड़ी गलती हो गई।” उनका यह बयान राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

शिवपाल यादव ने की मुलाकात

दूसरी ओर, गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने डासना जेल जाकर आजम खान से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार और प्रशासन द्वारा आजम खान का भारी उत्पीड़न किया जा रहा है और उन पर लगाए गए तमाम मुकदमे पूरी तरह से बेबुनियाद और राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित हैं।

उन्होंने कहा कि आजम खान का एकमात्र ‘दोष’ यह था कि उन्होंने पिछड़े और गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए एक बड़ा शिक्षण संस्थान खड़ा किया। शिवपाल ने यह भी कहा कि अब उन्हें और पार्टी को केवल देश की न्यायपालिका से ही न्याय की उम्मीद बची है।

Back to top button