
Brahma Kumaris: राष्ट्र निर्माण के लिए ‘Spiritualisation of Politics’आवश्यक:Rajnath Singh
ब्रह्माकुमारीज के 'दिव्य संस्कृति भवन' का राजनाथ सिंह ने किया लोकार्पण
देश केवल कानून से नहीं,चरित्र से चलता है:रक्षा मंत्री
Brahma Kumaris Rajnath Singh Lucknow: भारत सरकार के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद माननीय राजनाथ सिंह ने सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक परिसर गुलजार उपवन में नवनिर्मित ‘दिव्य संस्कृति भवन’ का लोकार्पण किया। ब्रह्माकुमारीज की 90 वर्षों की गौरवशाली आध्यात्मिक यात्रा एवं लखनऊ में 72 वर्षों की सेवाओं के उपलक्ष्य में आयोजित नवदशकोत्सव के अंतर्गत यह महत्वपूर्ण आयोजन संपन्न हुआ। इस समारोह में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत आज आर्थिक, सामरिक, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी पहचान बना रहा है। अंतरिक्ष से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक भारत ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, लेकिन बाहरी प्रगति के साथ हमें अपनी आंतरिक दुनिया को भी समझना होगा। यह देखना आवश्यक है कि बाहरी दुनिया में आगे बढ़ते हुए कहीं हम अपनी आंतरिक दुनिया में पीछे तो नहीं रह जा रहे हैं। इसी आध्यात्मिक प्रश्न का समाधान ब्रह्माकुमारीज जैसी संस्थाओं के माध्यम से प्राप्त हो सकता है।
आध्यात्मिकता केवल श्रद्धा नहीं, जीवन परिवर्तन का विज्ञान है
रक्षा मंत्री ने कहा कि आध्यात्मिकता के लिए जीवन में कोई अलग समय निर्धारित करने की आवश्यकता नहीं है। आध्यात्मिकता तो हमारी दृष्टि और उसके माध्यम से सृष्टि को बदलने की प्रक्रिया है। जब हमारी दृष्टि बदल जाती है, तो हमारा जीवन और व्यवहार भी बदलने लगता है। स्वयं को केवल शरीर नहीं, बल्कि एक चैतन्य आत्मा समझना ही आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत है। आज मनोविज्ञान, शरीर विज्ञान और विभिन्न वैज्ञानिक शोध भी योग एवं ध्यान के मन तथा शरीर पर सकारात्मक प्रभावों को स्वीकार कर रहे हैं। अध्यात्म अब केवल श्रद्धा का विषय नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अध्ययन और अनुभव का विषय भी बन चुका है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज ने 90 वर्षों में लाखों लोगों के जीवन में आध्यात्मिक चेतना का प्रकाश फैलाया है। किसी संस्था की महानता केवल भवनों और केंद्रों के निर्माण से नहीं, बल्कि उससे जुड़े लोगों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन से होती है। लखनऊ में ब्रह्माकुमारीज द्वारा लोगों को आध्यात्मिक मार्ग दिखाने और परम सत्ता से जोड़ने का कार्य सराहनीय है।
राष्ट्र निर्माण के लिए राजनीति का आध्यात्मिकीकरण जरूरी
रक्षा मंत्री ने अपने संबोधन में एक महत्वपूर्ण विचार रखते हुए कहा कि देश केवल कानून से नहीं, बल्कि चरित्र से चलता है। आध्यात्मिकता केवल व्यक्तिगत मुक्ति का मार्ग नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चरित्र निर्माण का भी मार्ग है। आर्थिक विकास और आध्यात्मिक विकास एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे को मजबूत करने वाली शक्तियां हैं।
उन्होंने राजनीति के वास्तविक अर्थ को स्पष्ट करते हुए कहा कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने अथवा चुनाव जीतने का माध्यम नहीं होनी चाहिए। इसका वास्तविक उद्देश्य समाज को सही दिशा देना और राष्ट्र को सर्वांगीण विकास की ओर ले जाना है। इसके लिए राजनीति के साथ नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना का जुड़ना आवश्यक है। इसे ही उन्होंने ‘Spiritualisation of Politics’ अर्थात राजनीति का आध्यात्मिकीकरण बताया।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के सत्ता में आने पर उसके मन में अधिकार से पहले उत्तरदायित्व का भाव होना चाहिए। निर्णय लेते समय व्यक्तिगत लाभ से पहले जनहित और शक्ति के साथ विनम्रता एवं विवेक होना चाहिए। भगवान श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि शासक के लिए व्यक्तिगत जीवन से बढ़कर जनहित होना चाहिए, वहीं श्रीकृष्ण ने अर्जुन को कर्तव्य, कर्म और अध्यात्म का बोध कराया। राजनीति में नैतिक चेतना और आध्यात्मिक मूल्यों का समावेश ही समाज को सही दिशा दे सकता है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव जीतना या हारना महत्वपूर्ण नहीं, बल्कि जनहित में उचित कार्य करना अधिक महत्वपूर्ण है। युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए राजनीति में राजसेवा, नैतिकता और चरित्र निर्माण की भावना को पुनः स्थापित करना होगा। इस दिशा में ब्रह्माकुमारीज जैसी आध्यात्मिक संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
युवा सार्थकता और चरित्र निर्माण पर भी ध्यान दें
रक्षा मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, वर्तमान भी हैं। देश का निर्माण भविष्य में नहीं, बल्कि आज के प्रयासों से होता है। युवाओं के पास आज तकनीक, विज्ञान और संचार के असीमित साधन हैं। लेकिन उन्हें तकनीक का उपयोग करना चाहिए, तकनीक को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। आधुनिक बनना और अपनी सांस्कृतिक पहचान को भूल जाना दो अलग-अलग बातें हैं। युवाओं को आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना चाहिए।
उन्होंने सफलता और सार्थकता के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि सफलता बाहर से मिलती है, जिसमें पद, प्रतिष्ठा और धन शामिल हैं, जबकि सार्थकता भीतर से आती है। जीवन की वास्तविक सार्थकता इस बात से तय होती है कि हमारे होने से कितने लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया। युवाओं को केवल करियर बनाने की चिंता नहीं करनी चाहिए, बल्कि अपने चरित्र निर्माण पर भी ध्यान देना चाहिए। करियर व्यक्ति को साधन संपन्न बनाता है, लेकिन चरित्र उसे सम्मान दिलाता है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि समाज की समस्याओं की केवल आलोचना न करें, बल्कि उनके समाधान का हिस्सा बनने की जिम्मेदारी भी उठाएं। अपनी सफलता के साथ समाज का कल्याण और राष्ट्रसेवा का भाव जोड़ें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि युवा जागरूक, शिक्षित, अनुशासित और संस्कारवान बनेंगे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता।
रक्षा मंत्री ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक समृद्धि नहीं, बल्कि ऐसा राष्ट्र है जहां नागरिक ईमानदार हों, परिवारों में संस्कार हों, समाज में सद्भाव हो, महिलाओं का सम्मान हो, युवाओं में अनुशासन हो और प्रत्येक व्यक्ति में राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध हो। इस लक्ष्य की प्राप्ति में ब्रह्माकुमारीज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होगा।
लखनऊ की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की सराहना
रक्षा मंत्री ने लखनऊ के प्रति अपने विशेष लगाव को व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी डोर लखनऊ से बंधी हुई है। स्वास्थ्य ठीक न होने और व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने इस कार्यक्रम में उपस्थित होना आवश्यक समझा। उन्होंने कहा कि लखनऊ की धरती ने सदैव आध्यात्मिक चेतना को अपने आंचल में स्थान दिया है। आज यह शहर रक्षा, सुरक्षा, उद्योग, तकनीक और अध्यात्म सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहा है। ब्रह्मोस जैसी सामरिक उपलब्धियों से लेकर सांस्कृतिक विरासत तक लखनऊ की विशिष्ट पहचान है।
उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज की शुरुआत सिंध में एक छोटी-सी आध्यात्मिक पहल के रूप में हुई थी, जो आज लगभग 140 देशों में मानव चेतना को संतुलन और शांति का संदेश दे रही है। यह संस्था मानवता की एक अनमोल विरासत है। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज की 90 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, लखनऊ की 72 वर्षों की आध्यात्मिक सेवाओं और दिव्य संस्कृति भवन के लोकार्पण पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
राजयोग और ध्यान मन पर विजय प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है:DCM
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उन्हें यह सौभाग्य प्राप्त हुआ कि दिव्य संस्कृति भवन के निर्माण की आधारशिला रखने से लेकर आज इसके लोकार्पण तक वे इस यात्रा के साक्षी रहे हैं। राजयोग और ध्यान मन पर विजय प्राप्त करने का सशक्त माध्यम हैं। जब मनुष्य अपने मन को जीत लेता है तो वह पूरे विश्व पर विजय प्राप्त करने की यात्रा पर निकल सकता है। भगवान बुद्ध का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि राजपरिवार में जन्म लेने के बावजूद आज संसार उन्हें महात्मा बुद्ध के रूप में जानता है, क्योंकि उन्होंने अपने मन पर विजय प्राप्त की थी। उन्होंने ब्रह्माकुमारीज के इस आध्यात्मिक प्रयास की सराहना करते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं।
नारी शक्ति-युवा शक्ति समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकती है
ओम शांति रिट्रीट सेंटर, दिल्ली की निदेशक राजयोगिनी बी.के. आशा दीदी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी को सच्चा कर्मयोगी, अध्यात्मप्रिय एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन दिव्य संस्कृति को पुनः जागृत एवं स्थापित करने की आवश्यकता है और दिव्य संस्कृति भवन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि ब्रह्माकुमारीज परिवार इस बात का जीवंत उदाहरण है कि नारी शक्ति और युवा शक्ति मिलकर समाज में कितना बड़ा परिवर्तन ला सकती है। गुलजार दादी को स्मरण करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में चुनौतियां आना स्वाभाविक है, लेकिन उनसे भागना नहीं, बल्कि ज्ञान और शक्ति के आधार पर उनका सामना करना सीखना चाहिए। जिस प्रकार एक क्रिकेट खिलाड़ी गेंद का सामना करके बेहतर प्रदर्शन करता है, उसी प्रकार हमें जीवन की परिस्थितियों का सामना करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी आध्यात्मिकता धारण करके एक खुशनुमा और श्रेष्ठ जीवन जिया जा सकता है। इस भवन की महानता केवल इसके निर्माण से नहीं, बल्कि यहां से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को श्रेष्ठ बनाने वाले लोगों से होगी। उन्होंने ‘दुआएं दो, दुआएं लो’, ‘बदले की भावना को बदलकर दिखाओ’ और ‘बुरी नजर वाले तेरा भी भला हो’ जैसे श्रेष्ठ भावों को जीवन में धारण करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राजयोग के अभ्यास से विकसित होने वाली ऐसी सकारात्मक दृष्टि भारत को विश्वगुरु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
लखनऊ की पावन भूमि पर और भी ऊंचा लहराए अध्यात्म का परचम
राजयोगिनी बी.के. मनोरमा दीदी ने शुभ प्रेरणाएं देते हुए कहा कि लखनऊवासियों और राधा दीदी के अथक प्रयासों से लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दिव्य संस्कृति भवन आज लखनऊ की धरती पर अपने नाम को सार्थक कर रहा है। उन्होंने अयोध्या, काशी और मथुरा की आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की इस पावन भूमि पर अध्यात्म का परचम और भी ऊंचा लहराना चाहिए।
भारत विश्वगुरु अवश्य बनेगा:मृत्युंजय भाई
ब्रह्माकुमारीज के अतिरिक्त महासचिव राजयोगी बी.के. मृत्युंजय भाई ने अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी को बड़े भाई के रूप में संबोधित करते हुए देश की सुरक्षा और सामरिक मजबूती के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि आज भारत की ओर कोई आंख उठाकर देखने का साहस नहीं कर सकता। जय जवान, जय किसान और जय विज्ञान के साथ आज जय आध्यात्मिकता का संदेश भी विश्व में भारत की पहचान बन रहा है। उन्होंने राम जन्मभूमि और कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भारत अवश्य विश्वगुरु बनेगा। उन्होंने सभी को कुछ समय मौन और शांति का अभ्यास करने की प्रेरणा भी दी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में ब्रह्माकुमारीज लखनऊ की सब-जोन इंचार्ज राजयोगिनी बी.के. राधा दीदी ने रक्षा मंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। राधा दीदी ने मंचासीन अतिथियों एवं सभागार में उपस्थित गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया।
इस अवसर पर इंदु, युक्ति और माही ने आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया। मधुबन से पधारे नितिन भाई एवं सतीश भाई ने रक्षा मंत्री के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके पश्चात सभी विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित किया।
समारोह में आनंद द्विवेदी, अर्पण जी, विधायक ए.पी. श्रीवास्तव, विधायक योगेश शुक्ला, MLC पवन सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ब्रह्माकुमारीज परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में ब्रह्माकुमारीज लखनऊ राजयोगिनी बी.के. मंजू दीदी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। एक मिनट के मौन योगाभ्यास एवं परमात्मा के प्रति धन्यवाद अर्पण गीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।





