जाकिर नाइक के IRF पर गृह मंत्रालय का एक्शन, बैन पांच साल के लिए बढ़ाया

Islamic Research Foundation Ban: केंद्र सरकार ने विवादित इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक (Zakir Naik) के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (Islamic Research Foundation – IRF) पर लगे प्रतिबंध को अगले पांच साल के लिए और बढ़ा दिया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) द्वारा इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। मौजूदा प्रतिबंध की अवधि समाप्त होने से ठीक पहले सरकार ने यह सख्त निर्णय लिया है।

UAPA के तहत की कार्रवाई

केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा भारत के राजपत्र (Gazette of India) में प्रकाशित अधिसूचना के मुताबिक, इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन की गतिविधियां देश की संप्रभुता, एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। सरकार ने गैरकानूनी गतिविधि (निवारण) अधिनियम, UAPA (Unlawful Activities Prevention Act, 1967) की धारा 3 के शक्तियों का प्रयोग करते हुए आईआरएफ (IRF) को एक ‘विधिविरुद्ध संगठन’ घोषित किया है।

छवि

गृह मंत्रालय ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि यदि इस संगठन की गतिविधियों पर तुरंत रोक और कड़े प्रतिबंध न लगाए जाएं, तो यह अपने फरार कार्यकर्ताओं को फिर से संगठित कर सकता है। इसके अलावा, संगठन देश के धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने, लोगों के मन में भड़काऊ विचार डालकर सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने और राष्ट्र-विरोधी भावनाओं को बढ़ावा देने जैसी गतिविधियों में संलिप्त रह सकता है।

क्या है इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन विवाद?

फरवरी 1991 में मुंबई में स्थापित गैर-लाभकारी संस्था (NGO) इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन की स्थापना जाकिर नाइक द्वारा की गई थी। जांच एजेंसियों और खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, जाकिर नाइक के भड़काऊ भाषणों और सार्वजनिक बयानों से विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच नफरत फैलती है और युवाओं को आतंकवादी गतिविधियों के लिए प्रेरित किए जाने की बात सामने आई थी।

भारत सरकार ने पहली बार 17 नवंबर 2016 को आईआरएफ को पांच साल के लिए प्रतिबंधित किया था, जिसे बाद में नवंबर 2021 में बढ़ाया गया था। अब इस प्रतिबंध को पांच और वर्षों के लिए विस्तारित किए जाने के बाद यह संगठन कानून की नजर में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। जाकिर नाइक कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत छोड़कर मलेशिया चला गया था, जहां उसने स्थायी निवास (PR) प्राप्त कर लिया है।

ये भी पढ़े-लद्दाख में चुनाव के विरोध में प्रदर्शन जारी, सोनम वांगचुक हाउस अरेस्ट

Back to top button