
राहुल गांधी का बड़ा आरोप, बोले- मेरा फोन टैप करवा रहे हैं PM मोदी
Rahul Gandhi Allegation: देश की सियासत में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता (Leader of Opposition) राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी (PM Narendra Modi) पर सीधा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री कार्यालय और सरकार उनका फोन टैप करवा रही है। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर आमने-सामने की खुली बहस (One-on-One Debate) की चुनौती दी है।
‘मेरे फोन में मौजूद हैं सारे सबूत’
सोशल मीडिया पर अपने ‘आस्क मी’ सेशन के दौरान राहुल गांधी ने कैमरे के सामने अपना फोन दिखाते हुए कहा कि उनके फोन में तमाम बातों और दावों के पुख्ता सबूत मौजूद हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सबूत यहीं है, इसी फोन में है… प्रधानमंत्री को यह बात अच्छी तरह पता है क्योंकि वे मेरा फोन टैप करवा रहे हैं।”
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री मोदी उनके साथ आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, देश के सामने यह सच्चाई आ जाएगी कि कौन वास्तव में विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है और कौन देशहित के खिलाफ है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की बहस से देश के सामने कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
ये भी पढ़े-जाकिर नाइक के IRF पर गृह मंत्रालय का एक्शन, बैन पांच साल के लिए बढ़ाया
राजनीतिक घमासान
राहुल गांधी ने अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि वे किसी भी समय, किसी भी मंच पर और किसी भी स्थान पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ बहस करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद के भीतर उन्हें किसानों के मुद्दों, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), चीन से जुड़े मामलों और अन्य संवेदनशील विषयों पर अपनी बात रखने की पूरी छूट नहीं दी जाती है, इसलिए वे सीधे सार्वजनिक मंच पर बहस चाहते हैं।
दूसरी ओर, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने राहुल गांधी के इन बयानों और बहसों की चुनौतियों को खारिज करते हुए कहा है कि संसद ही बहस का सबसे उपयुक्त और लोकतांत्रिक मंच है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने विपक्ष के नेता को सदन के भीतर अपने तर्क और आरोप रखने की चुनौती दी है, जिसके बाद से देश की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।
ये भी पढ़े-लद्दाख में चुनाव के विरोध में प्रदर्शन जारी, सोनम वांगचुक हाउस अरेस्ट





