UP News: आगरा-मथुरा में IT की रेड, होटल से लेकर तनिष्क शोरूम तक मची खलबली

Income Tax Raid: उत्तर प्रदेश के आगरा और मथुरा जिले में शुक्रवार सुबह आयकर विभाग (Income Tax Department) की ताबड़तोड़ छापेमारी से बड़े व्यापारिक हलकों में हड़कंप मच गया। कर चोरी और बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े गोपनीय इनपुट मिलने के बाद आयकर विभाग की कई टीमों ने दोनों शहरों में एक साथ दबिश दी है।

इस कार्रवाई के दायरे में नामी रेडिसन होटल (Radisson Hotel), गुरुकृपा होटल्स ग्रुप (Gurukripa Hotels) और तनिष्क ज्वेलरी शोरूम (Tanishq Showrooms) सहित उनसे जुड़े अन्य व्यावसायिक और आवासीय ठिकाने शामिल हैं।

टीमों ने एक साथ की घेराबंदी

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस बड़ी कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया है। लखनऊ, कानपुर, दिल्ली और नोएडा से आई आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने भारी पुलिस बल के साथ सुबह के समय इन प्रतिष्ठानों पर धावा बोला। टीमों ने परिसर में दाखिल होते ही मुख्य द्वारों पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया और किसी भी बाहरी व्यक्ति के अंदर आने या बाहर जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी।

छापेमारी के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों और प्रबंधकों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं, ताकि जांच से जुड़ी कोई भी जानकारी लीक न हो सके। आयकर विभाग के अधिकारी होटल बुकिंग रिकॉर्ड, ज्वेलरी बिक्री के बिल, स्टॉक रजिस्टर, बैंक खातों के विवरण और कंप्यूटर हार्ड ड्राइव की गहनता से जांच कर रहे हैं।

ये भी पढ़े-‘मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बना दिया, यही गलती…’, जौहर यूनिवर्सिटी मामले में बोले आजम खान

टैक्स चोरी की आशंका

विभागीय सूत्रों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इन प्रतिष्ठानों द्वारा बड़े पैमाने पर नकद लेनदेन करने, वास्तविक आय छिपाने और टैक्स चोरी किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। खासकर धार्मिक पर्यटन के केंद्र मथुरा-वृंदावन और ताजनगरी आगरा में होटलों की भारी बुकिंग तथा त्योहारी सीजन में सोने-चांदी की बंपर बिक्री के बावजूद आयकर रिटर्न में कम मुनाफा दिखाए जाने का संदेह जताया जा रहा था।

अधिकारियों द्वारा संचालकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स से पूछताछ की जा रही है। आयकर विभाग की यह जांच देर रात तक या अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की संभावना है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही इस बात का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा कि कितनी अघोषित संपत्ति या कर चोरी पकड़ी गई है।

ये भी पढ़े- सृजन समर्पित हुआ दिवंगत हुए साहित्यकार धीरेंद्र वर्मा को

Back to top button