
Jammu & Kashmir में Lashkar के दो Terrorist ढेर, Commander Latif Bhat भी मारा गया
Kulgam में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़
Lashkar Kulgam Jammu & Kashmir: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के दो आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए आतंकियों में लश्कर का कमांडर मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल बताया जा रहा है। दक्षिण कश्मीर के लारू इलाके में पुलिस और सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की। CRPF पर हुए हमले के बाद से ही सुरक्षाबलों ने इलाके में आतंकियों की तलाश तेज कर दी थी।
CRPF के जम्मू-कश्मीर जोन के स्पेशल डीजी संदीप खिरवार ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षाबलों का अभियान जारी रहेगा। 11 नवंबर को CRPF की नाका पार्टी पर हमला हुआ था। कुलगाम के अखरान इलाके में आतंकियों ने CRPF की नाका पार्टी को निशाना बनाया था। दोपहर करीब 2:15 बजे हुई इस फायरिंग में तीन जवान घायल हो गए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद आतंकी घने पेड़ों और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे।
हमले की जांच के दौरान घायल जवानों को लश्कर आतंकी मोहम्मद लतीफ भट की तस्वीर दिखाई गई थी। जवानों ने उसकी पहचान हमलावरों में से एक के रूप में की थी। पुलिस के मुताबिक, लतीफ भट कुलगाम का रहने वाला था और घाटी में सक्रिय आखिरी स्थानीय आतंकियों में शामिल था। उस पर दक्षिण कश्मीर में पहले भी कई हमलों में शामिल होने का आरोप था।
CRPF के स्पेशल डीजी संदीप खिरवार ने कहा कि सुरक्षाबलों ने इलाके में ऑपरेशन शुरू कर दिया है। इस दौरान कुछ अहम सुराग और जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभियान को जल्द ही उसके तार्किक अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षाबल मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई जारी रखेंगे। साथ ही जवानों को ऑपरेशनल अनुशासन बनाए रखने, मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करने और हर स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।





