SMAT 2026: असम के खिलाफ रजत पाटीदार का हल्लाबोल, शतक ठोक मचाई तबाही

Syed Mushtaq Ali Trophy 2026: घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश के कप्तान रजत पाटीदार (Rajat Patidar) का बल्ला आग उगल रहा है। न्यू चंडीगढ़ के पीसीए स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप सी के मुकाबले में असम के खिलाफ रजत पाटीदार ने टी20 क्रिकेट की आक्रामक पारी खेली।

पाटीदार ने महज 41 गेंदों में अपना तूफानी शतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहते हुए 48 गेंदों पर 135 रनों की धुआंधार पारी खेली। उनकी इस ऐतिहासिक पारी के दम पर मध्य प्रदेश ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 250 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।

छक्कों-चौकों से सजाया मैदान

मैच में असम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मध्य प्रदेश की शुरुआत शुरुआती ओवरों में थोड़ी लड़खड़ा गई थी और टीम ने 57 के स्कोर पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद क्रीज पर आए कप्तान रजत पाटीदार ने पारी की कमान संभाली और शिवम कुमार (61 रन) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए महज 62 गेंदों पर 153 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी की।

रजत पाटीदार ने अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान असम के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने अपनी नाबाद 135 रनों की पारी में 8 चौके और 13 गगनचुंबी छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 281.25 का रहा। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही रजत पाटीदार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में शतक लगाने वाले मध्य प्रदेश के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

इसके अलावा टी20 क्रिकेट में मध्य प्रदेश की ओर से किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो गया है।

मध्य प्रदेश की बड़ी जीत

251 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी असम की पूरी टीम मध्य प्रदेश की अनुशासित गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी और 17.4 ओवरों में मात्र 119 रन पर ढेर हो गई। मध्य प्रदेश की ओर से गेंदबाजी में कुमार कार्तिकेय ने 3 विकेट झटके, जबकि राहुल बाथम और आवेश खान ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

इस प्रकार मध्य प्रदेश ने यह मुकाबला 131 रनों के बड़े अंतर से जीतकर अंक तालिका में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। रजत पाटीदार के इस आक्रामक प्रदर्शन ने आगामी मुकाबलों के लिए टीम का हौसला और बढ़ा दिया है।

ये भी पढ़े- Jay Shah फिर बने ICC के बॉस, निर्विरोध दूसरी बार चुने गए चेयरमैन

Back to top button