Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान, इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Akvan Alert: दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम भारी पड़ सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा गहरा दबाव तेजी से ताकतवर होता जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक इसके एक गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान‘ (Cyclone Akvan) में बदलने की पूरी आशंका है।

मौसम विभाग ने 17 नवंबर से तटीय इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात (बिजली गिरने) और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

आंध्र तट की ओर बढ़ रहा सिस्टम

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके सोमवार शाम तक एक चक्रवाती तूफान में बदलने और 17 नवंबर तक इसके और अधिक तीव्र होकर गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 19-20 नवंबर के आसपास आंध्र प्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु के तटों की तरफ रुख कर सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह सिस्टम आगे चलकर एक बेहद गंभीर चक्रवात का रूप भी ले सकता है, जिसके मद्देनजर तटीय राज्यों में सुरक्षा और बचाव के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवाती तूफान के प्रभाव से तमिलनाडु के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने लगा है।

  • 17 नवंबर से शुरुआत: मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 17 नवंबर से चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू जिलों में मूसलाधार बारिश शुरू हो जाएगी। इन इलाकों में गरज के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का ऑरेंज/येलो अलर्ट जारी किया गया है।

  • 18 से 19 नवंबर का प्रभाव: इसके बाद 18 और 19 नवंबर को कांचीपुरम, रानीपेट, तिरुवन्नामलाई, विल्लुपुरम, कुड्डालोर और मयिलादुथुराई जैसे जिलों में भी भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी मौसम के बिगड़ने और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों और तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को 19 नवंबर तक दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा तमिलनाडु-पुडुचेरी के तटीय समुद्र में न उतरने की सख्त सलाह दी गई है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन बलों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Back to top button