UP Election Mission-2027: UP में बनते रहे ‘मोर्चे’ और लगता रहा “मोरचा”

 

लेखक: योगेश श्रीवास्तव (वरिष्ठ पत्रकार)

 

मोर्चों का गठन कर सत्ता पर काबिज होने की कोशिश का प्रयोग पुराना 

 

UP Election Mission-2027 Lucknow: UP में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर छुटभैय्ये दलों द्वारा मोर्चो का गठन करके एनडीए और इंडिया एलायंस से दो चार होने की तैयारियां शुरू हो गई है। एआईएमआईएम और सांसद चन्द्रशेखर की अगुवाई वाली आजाद समाज पार्टी ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का गठन करके सभी 403 सीटों पर चुनाव लडऩे का एलान कर दिया है। मोर्चे ने इसी के साथ यह भी साफ कर दिया है कि यदि बहुमत मिलता है चन्द्रशेखर ही सीएम होंगें। फिलवक्त इस मोर्चे ने गैर भाजपा दलों के साथ-साथ सपा और कांग्रेस के मोर्चे में शामिल होने होने का न्यौता दिया है।

 

दशकों से चली आ रही मोर्चों के गठन की Politics

 

यूपी में मोर्चो का गठन कर सत्ता पर काबिज होने की कोशिश का प्रयोग पुराना है। पूर्व में इस तरह के जितने भी प्रयोग रहे वे कम ही सफल हुए। बावजूद इसके लोकसभा या विधानसभा चुनाव मोर्चो के गठन का प्रयोग चलता ही रहता है। ऐसा नहीं की औवेसी ही इस चुनाव में अपनी ताकत आजमाने आए है इससे पूर्व 2007 के विधानसभा चुनाव से पूर्व दिल्ली के इमाम सैय्यद बुखारी भी कई दलों को मिलाकर यूनाईटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट बना चुके थे तब उन्होंने 54 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। जिनमें से केवल एक सीट मेरठ पर उसे सफलता मिली थी जिसमें हाजी याकूब निर्वाचित हुए थे। 2027 के होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बहुुजन क्रांति पार्टी(माक्र्सवाद-अम्बेडकरवाद) ने चौथे मोर्चे के गठन की घोषणा के साथ कई छोटे दलों के इसमें शामिल होने की बात कही है।

आगामी चुनाव में यह मोर्चा निर्णायक भूमिका निभाएगा

 

मोर्चे के अध्यक्ष केशवचन्द्र पांडेय ने दावा किया है कि आगामी चुनाव में यह मोर्चा निर्णायक भूमिका निभाएगा। इसी तरह तीन अति पिछड़े दलों द्वारा ने मिलकर हाल ही में कर्पूरी मोर्चा के गठन का एलान किया है। चुनाव आने तक इस तरह के मोर्चो के गठन की प्रक्रिया तेज होगी इस संभावना से राजनीतिक प्रेक्षकों को इंकार नहीं है। 2017 के विधानसभा चुनाव से पूर्व सपा से अलग होने के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने भी पांच मई 2017 को समाजवादी सेकुलर मोर्चे के गठन का एलान किया था और 29 अगस्त 2018 को इसकी विधिवत घोषणा भी की थी लेकिन बाद में अपनी पार्टी प्रसोपा का सपा में विलय होने के बाद इस मोर्चे का वजूद समाप्त कर दिया था।

 

अधिकतर मोर्चे ही Vote कटुवा साबित हुए

 

अपना दल (एस) से नाराज होकर उसके नेताओं ने दो जुलाई 2025 को मोर्चा बनाया उसका नाम ही अपना मोर्चा रखा। इस मोर्चे में पूर्व सांसद पकौड़ीलाल,पूर्व विधायक आरके वर्मा शामिल थे। मोर्चे के घटक के रूप में अपनादल (बलिहारी) अपनादल (यूनाईटेड) और किसान नौजवान संघ शामिल था। हाल ही में इंडिया एलायंस में शामिल हुए अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में इसी साल लोकमोर्चा का गठन हुआ था। तब इस मोर्चे मेें राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी, राष्ट्रीय समानता दल,सम्यक पार्टी,जनसेवा दल,पालिटिकल जस्टिस पार्टी, सर्वहित समाज पार्टी,स्वतंत्र जनता पार्टी, सबका दल, लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी जैसे दल शामिल थे। 2017 के विधानसभा चुनाव से पूर्व ही छोटे दलों ने मिलकर बहुजन विजय पार्टी के नेतृत्व में विपक्षी दल मोर्चे का गठन हुआ था। हालांकि इस तरह के जितने भी मोर्चे बने उनमें से अधिकांश ही वोट कटुवा ही साबित हुए।

 

2017 के विधानसभा चुनाव से पूर्व ही औवेसी चन्द्रशेखर और ओमप्रकाश राजभर सहित कई नेताओं मिलकर भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाया। चुनाव तक यह मोर्चा तीन तेरह हो गया। इस मोर्चे में बाबू सिंह कुशवाहा,पल्लवी पटेल सहित कुल आठ दल शामिल थे। इसी तरह सोलहवीं विधानसभा चुनाव से पूर्व ही प्रगतिशील मानव समाज पार्टी की अगुवाई में राष्ट्रीय क्रांति मोर्चा का गठन हुआ। इसी विधानसभा चुनाव के लिए पीस पार्टी,महानदल,निषाद पार्टी ने मिलकर एलायंस फार इन्वारमेंट आफ नेरेटिव इंडियंस का गठन किया था। लेकिन इस तरह के कई मोर्चे चुनाव तक बिखर गए या फिर सपा भाजपा के गठबंधनों में शामिल हो गए।बसपा से निष्कासित होने के बाद कांग्रेस में शामिल होने से पहले नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भी ने वर्ष 2017 में 27 मई को बहुजन राष्ट्रीय मोर्चे का गठन किया था। हालांकि यह मोर्चा ज्यादा वजूद में नहीं रहा। नसीमुद्दीन कांग्रेस में शामिल हो गए। इस समय वे सपा में है।

 

रालोद जो केन्द्र और प्रदेश में बनते-बिगड़ते सभी मोर्चो का हिस्सा रहा। उसने भी 2012 के विधानसभा चुनाव से पूर्व इंडियन जस्टिस पार्टी सरीखे कई दलों को लेकर लोकक्रांति मोर्चा का गठन किया था। हालांकि रालोद केन्द्र में राष्ट्रीय मोर्चा,संयुक्त मोर्चा यूपीए का भी हिस्सा रहा। इस समय केन्द्र और प्रदेश में एनडीए का हिस्सा है। विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे रामआसरे वर्मा रालोद के प्रदेशााध्यक्ष रहते हुए छोटे और समान विचारधारा वाला दलों को साथ लेकर लोकपंचायत बना चुके थे जबकि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह भाजपा से अलग होकर कुलोजा (कुर्मी लोध जाट) का गठन करना चाहते थे इसी बीच उनकी भाजपा में वापसी हो गयी और इसका गठन नहीं हो सका था।

 

लोकसभा चुनाव को लेकर भी बने मोर्चे

 

ऐसा नहीं कि विधानसभा चुनावों में छोटे दलों ने मोर्चा बनाकर अपनी सक्रियता दिखाई हो। लोकसभा चुनाव में इस तरह के दलों ने अपने प्रयासों में कमी नही की। 2009 के लोकसभा चुनाव से पूर्व अपना दल के नेतृत्व में परिवर्तन मोर्चा बना था तब इसमें इंजपा,नेलोपा,रासपा भासपा सरीखे दल शामिल थे। जबकि 2017 के लोकसभा चुनाव से पूर्व इत्तेहाद फ्रंट की अगुवाई में 11 दलों ने मिलकर राष्ट्रीय परिवर्तन मोर्चा का गठन किया था इसमें तब भासपा,कौमीएकता दल,अपना दल,इत्तेहाद मिल्लत कौसिल,बुन्देलखंड कांग्रेस,गौंडवाणा गणमंत्र पार्टी इंडियन नेशनल लीग,भारतीय युवा कल्याण मोर्चा,भारतीय जनसेवा पार्टी,नेशनल लोकतांत्रिक पार्टी जैसे दल शामिल थे। 2024 के लोकसभा चुनाव से पूर्व औवेसी और अपनादल (के) की पल्लवी पटेल ने पीडीएम (पिछड़ा, दलित,मुस्लिम) का गठन किया था। इस फ्रंट ने कुल 24 उम्मीदवार उतारे थे जिसमें 18 की जमानत जब्त हुई और छह का नामांकन खारिज हुआ था।

 

लालू से मिलकर मुलायम ने बनाया था मोर्चा

 

वर्ष 1998 के हुए लोकसभा चुनाव से पूर्व सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने बिहार के पूर्व सीएम और राजद प्रमुख लालू यादव के साथ मिलकर राष्ट्रीय लोकमोर्चा का गठन किया था। इसकी बाकायदा लखनऊ के सपा मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेस भी हुई थी जिसमे इन दोनों नेताओं के अलावा राबड़ी देवी भी शामिल थी। इस मोर्चे में कांग्रेस के वरिष्ठï नेता ओर केन्द्र में गृहमंत्री रह चुके बूटा सिंह भी सम्मिलित हुए थे। हालांकि इस मोर्चे से पूर्व 1989 के हुए विधानसभा चुनाव से पूर्व भी मुलायम सिंह यादव लोकदल और वामदलो के अलावां जनता पार्टी,लोकदल संजय विचार मंच जैसे दलों को साथ लेकर क्रांतिकारी मोर्चा बना चुके थे। हालांकि चुनाव आने तक यह मोर्चा भी तीन तेरह हो गया था।

 

चरण सिंह और गोविंदाचार्य भी बना चुके हैं मोर्चा

 

पूर्व प्रधानमंत्री तथा यूपी में कई बार सीएम रहे चौधरी चरण सिंह ने सरकार में बने रहने की गरज से 1974 में क्रांतिदल और मुस्लिम मजलिस सरीखी कई पार्टियों को शामिल करके त्रिदलीय मोर्चा बनाया था जबकि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रह चुके केएन गोविंदाचार्य ने भाजपा से अलग होने के बाद 2012 के विस चुनाव पूर्व राष्ट्रीय मोर्चा का गठन किया था। लेकिन इस मोर्चे ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया था।

Back to top button